| मौत की निशानी बनी राज्यरानी by puneetmafia on 19 August, 2013 - 11:57 PM | ||
|---|---|---|
puneetmafia | मौत की निशानी बनी राज्यरानी on 19 August, 2013 - 11:57 PM | |
सहरसा-पटना के बीच चलने वाली सुपर फास्ट ट्रेन राज्यरानी एक्सप्रेस शिव व कात्यायनी के भक्तों का काल बन गई। वो भी सावन की अंतिम सोमवारी पर। अनगिनत मन्नतों व गाजे-बाजे के साथ कात्यायनी मंदिर जा रही महिलाओं, पुरुषों व बच्चों की 'भीड़' महज एक मिनट में लाशों के ढेर में तब्दील हो गई। 80 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से धड़धड़ती राज्यरानी उन्हें गाजर-मूली की तरह काटती चली गई। सहरसा-मानसी रेलखंड के धमहरा स्टेशन पर हुए इस दिल दहला देने वाले हादसे में 37 लोग काल कवलित हो गए। घायलों की संख्या सौ से अधिक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक ने कुछ दूरी पर ट्रेन रोक दी। उत्तेजित लोगों की भीड़ ने ट्रेन के गार्ड व चालकों पर हमला कर दिया। भीड़ के हमले के बाद से ट्रेन के चालक राजाराम और सहायक चालक सुमन दोनों लापता हैं। उनके संबंध में तरह-तरह की अफवाहें तैर रही हैं। आक्रोशित भीड़ ने स्टेशन पर तोड़फोड़ कर दी। वहां खड़ी राज्यरानी एक्सप्रेस और सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन को आग के हवाले कर दिया। दोनों ट्रेन धू-धू कर जल गई। भीड़ का रौद्र रूप देखकर स्टेशन में मौजूद रेलवे कर्मचारी भाग खड़े हुए। भीड़ ने स्टेशन परिसर और टिकट काउंटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद से रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन ठप है। कई ट्रेनें रद कर दी गई। | ||