| एड्स के प्रति जागरूक करेगी रेड रिबन एक्सप्रेस by riteshexpert on 08 August, 2012 - 12:20 AM | ||
|---|---|---|
riteshexpert | एड्स के प्रति जागरूक करेगी रेड रिबन एक्सप्रेस on 08 August, 2012 - 12:20 AM | |
कटिहार : एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने 'रेड रिबन एक्सप्रेस' 25 अगस्त को कटिहार पहुंचेगी। यह ट्रेन 26 अगस्त की रात्रि 10 बजे कटिहार जंक्शन से अपने अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान करेगी। विशेष रेलगाड़ी 23 राज्यों के 162 स्टेशन पर रुक कर आम जनता को एड्स के प्रति जागरुक करेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यह गाड़ी रूकेगी तथा आम जनता, खासकर 15 से 49 आयु वर्ग के व्यक्तियों में एड्स के प्रति जागरूकता लाएगी। रेड रिबन एक्सप्रेस ट्रेन के कटिहार आगमन व ठहराव के दौरान विधि व्यवस्था के संधारण, आगमन पूर्व की जाने वाली गतिविधियां, क्षेत्र में की जाने वाली गतिविधियां तथा रेल के अंदर की जाने वाली गतिविधियों को सुचारू ढंग से कार्य रूप देने तथा एड्स के प्रति इस क्षेत्रीय जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी कटिहार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहायक निदेशक ने बताया कि इस विशेष रेल गाड़ी के कोच नंबर 1, 2, 3 में एड्स जागरूकता से संबंधित प्रदर्शनी, कोच नंबर चार में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन से संबंधित प्रदर्शनी होगी। यह दिखाया गया है कि टीबी और एड्स दोनों एक दूसरे से कैसे जुड़े हुए हैं। कोच नंबर 5 में प्रशिक्षण की व्यवस्था है तथा कोच नंबर 6 में एचआईवी संबंधित टेस्ट एवं काउंसलिंग की व्यवस्था है। 25 अगस्त को सरकारी पदाधिकारी, कर्मचारी, आशा, कॉलेज उच्च विद्यालय के विद्यार्थी, आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा 26 अगस्त को पुलिस, मिलिट्री के जवानों, पंचायती राज प्रतिनिधियों तथा स्वयं सेवी संस्था के सदस्यों को क्रमवार प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने इस अवसर पर स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। उन्होंने सिविल सर्जन कटिहार को निदेश दिया कि इस अवसर पर परिवार कल्याण, यक्ष्मा, प्रतिरक्षण से संबंधित स्टॉल लगाए तथा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, पर्यवेक्षिका, सीडीपीओ, आशा, कॉलेज तथा उच्च विद्यालय के विद्यार्थी विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, किसान सलाहकार, विशेष रेलगाड़ी का अवश्य परिदर्शन करें। इस मौके पर सिविल सर्जन, डीएस, अपर समाहर्ता, डीआरडीए निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। | ||