| अब हाई स्पीड ट्रेन के सफर पर निगाहें : दीपेंद्र हुड्डा by riteshexpert on 13 August, 2012 - 12:01 AM | ||
|---|---|---|
riteshexpert | अब हाई स्पीड ट्रेन के सफर पर निगाहें : दीपेंद्र हुड्डा on 13 August, 2012 - 12:01 AM | |
रोहतक। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मेट्रो को बहादुरगढ़ तक लाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी है। अब जब यह सपना पूरा हो चुका है तो इसके अगले कदम की तरफ हमारी निगाहें हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में योजना है कि किसी हाई स्पीड ट्रेन से इस सफर को आगे बढ़ाया जाए।वे शनिवार को लाढौत रोड स्थित केवीएम शिक्षण संस्था में स्व. कृष्णवीर मायना के 44वें जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर, निशुल्क नेत्र जांच शिविर और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मेट्रो के बहादुरगढ़ तक लाने में दिल्ली सरकार की मुंडका के पास से सात किलोमीटर क्षेत्र में कोई रुचि नहीं थी। ऐसे में उन्होंने इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए काफी मेहनत की। इस परियोजना पर खर्च हो रहे दो हजार करोड़ रुपये में से 800 करोड़ रुपये हरियाणा सरकार दे रही है। सांसद ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी गति के साथ चल रहे हैं। कई बड़ी परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है। उन्होंने इस अवसर पर कृष्णवीर मायना समाज कल्याण ट्रस्ट द्वारा हर साल आयोजित किए जाने वाले समाजसेवा के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि स्व. मायना कर्मठ और जमीन से जुड़े कांग्रेसी नेता व समाजसेवी थे। उन्होंने इन कार्यक्रमों के लिए केवीएम शिक्षण संस्थाओं के निदेशक कर्मवीर मायना को बधाई दी और इन कार्यक्रमों को भविष्य में इसी तरह जारी रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक बीबी बतरा व श्रीकृष्ण हुड्डा ने कार्यक्रम के लिए कृष्णवीर समाज कल्याण ट्रस्ट को बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन मंत्री कर्मवीर मायना ने सांसद से अनुरोध किया कि वह हर वर्ष मनाए जाने वाले इन कार्यक्रमों में समय जरूर दें। उन्होंने बताया कि शिविर में 310 यूनिट रक्तदान, 700 लोगों की स्वास्थ्य जांच और 480 लोगों की नेत्र जांच की गई है। इस अवसर पर सांसद ने पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक वीरेंद्र पाल, जिला परिषद चेयरमैन राजेश भालौठ, देवेंद्र भारत, कृष्णवीर समाज कल्याण ट्रस्ट के प्रधान सुरेश राणा, संरक्षक रघुवीर सैनी, एनएसयूआई के प्रधान अजय छिक्कारा, देवेंद्र राणा, राजेश अहलावत, पाले राम हुड्डा, ब्लाक समिति चेयरमैन रेणु देवी, शीला देवी, अजय पाल टिल्लू, सुरेंद्र, सीता राम सचदेवा, विशाल मायना और मास्टर ईश्वर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। | ||