| हायाघाट में दो घंटे तक रोकी ट्रेन by greatindian on 08 February, 2013 - 09:00 AM | ||
|---|---|---|
greatindian | हायाघाट में दो घंटे तक रोकी ट्रेन on 08 February, 2013 - 09:00 AM | |
समस्तीपुर-दरभंगा पैसेंजर 55501 के समय में बदलाव होने से खफा छात्रों व स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह हायाघाट स्टेशन पर जमकर बवाल काटा। सुबह छह बजे हायाघाट स्टेशन पर पहुंची दरभंगा से पटना जा रही 53227 कमला इंटरसिटी फास्ट पैसेंजर ट्रेन को लगभग दो घंटे तक उनलोगों ने रोके रखा। लोगों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। गुस्सा इस कदर था कि लोगों ने कमला इंटरसिटी फास्ट पैसेंजर का वैक्यूम पाइप काट डाला। आक्रोश का निशाना हायाघाट स्टेशन का फाटक संख्या 11 भी बना। उसे लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्रेन हायाघाट में लगभग दो घंटे तक रुकी रही। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर लंबी दूरी की कई गाड़ियां व सवारी ट्रेनें खड़ी रहीं। इस घटना से रेलवे को भारी क्षति होने का अनुमान है। आक्रोशित लोगों का कहना था कि 8.25 बजे सुबह समस्तीपुर से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का समय सुबह सवा पांच बजे कर दिया था, लेकिन उसमें फेरबदल कर समस्तीपुर से 6.20 बजे खुलने का ऐलान कर दिया गया। इससे हायाघाट-दरभंगा अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों, छात्रों, मजदूरों, रोगियों, व्यवसायियों को दिक्कतें हो रहीं हैं। इस बीच जाम की सूचना स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार वर्मा ने डीआरएम आफिस समस्तीपुर, जीआरपी समस्तीपुर व स्थानीय थाना को दी। हायाघाट थानाध्यक्ष महादेव कामत व जीआरपी के जवानों के काफी प्रयास के बाद लोगों को शांत किया जा सका। मौके पर उन्होंने मोबाइल से आक्रोशित लोगों को डीआरएम आफिस बात कराई। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद लगभग 8 बजे से परिचालन शुरू हो सका। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक श्री वर्मा ने बताया कि दरभंगा से नई दिल्ली जानेवाली 2565 बिहार संपर्क क्रांति, 5723 न्यूजलपाईगुड़ी-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन, 55501 समस्तीपुर-दरभंगा-छौड़ादानी पैसेंजर ट्रेन जगह-जगह स्टेशनों पर खड़ी रही। इधर स्टेशन के फाटक में तोड़फोड़ करने व ट्रेन रोककर यातायात में व्यवधान उत्पन्न करने को लेकर समस्तीपुर आरपीएफ थाने में अज्ञात 50-60 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ समस्तीपुर के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने इसकी पुष्टि की। | ||