| सीटी सुनने की हसरत पूरी by railgenie on 09 January, 2013 - 06:01 PM | ||
|---|---|---|
railgenie | सीटी सुनने की हसरत पूरी on 09 January, 2013 - 06:01 PM | |
घड़ी की सुईयों ने चार बजकर बीस मिनट बजाए तो झज्जर के लोगों को ऐतिहासिक रेल की सीटी सुनाई दी। सपने के सच होने पर आम जन ने पूरा जश्न मनाया। रेल के प्लेटफार्म पर आने से पहले ही आतिशबाजी और पटाखे जलाए तो गगनभेदी जयकारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। हालांकि नियत समय से ट्रेन काफी लेट आई थी लेकिन स्टेशन पर हजारों की तादाद में मौजूद लोगों को जोशोखरोश पर कोई फर्क नहीं पड़ा। वे तो बेताब थे केवल सीटी सुनने को। सीएम व रेल राज्य मंत्री के साथ जब तमाम मंत्री व अफसर रेल से उतरे तो लोगों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। जोश का आलम यह था कि लोग छतों पर भी रेल की पहली झलक पाने के लिए जाने कब से डटे हुए थे।स्वागत समारोह में सीएम ने कहा कि दुनिया का इतिहास इस बात का गवाह है कि जहा से रेल गुजरी है विकास वहीं गया है। जब उन्होंने 1991 में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा तो लोगों की यही माग थी कि इलाके को रेल से जोड़ा जाए। तभी से इलाके को रेल से जोड़ने के लिए प्रयास शुरू किए। 1997 में इस रेल लाइन को योजना आयोग ने मंजूर भी कर दिया बावजूद इसके रेल का यह प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ा। 2005 में प्रयास शुरू हुए और आज वायदे के अनुसार रेल आपके बीच है। उन्होंने कहा कि रेल विकास की आधारशिला है। आज यहां रेल पहुंची है। कल यहां विकास का पहिया भी पहुंचेगा। झज्जार गुड़गांव की तरह से बनेगा। उन्होंने कहा कि 1991 में जब वह पहली बार रोहतक से सांसद का चुनाव लड़े तो इस इलाके की दो ही मांग थीं। एक तो झज्जार में रेल की और दूसरी पीने के पानी की। उन्होंने कहा कि रेल लाइन का वायदा पूरा हो गया है। पानी के लिए बीएमएल हांसी बुटाना बन चुकी है। भाखड़ा का पानी भी इसमें आएगा।सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने झज्जार जिले के लोगों को रेल पहुंचने की बधाई देते हुए कहा कि आज झज्जार में रेल तो पहुंचा दी है लेकिन अभी हवाई जहाज उतारना बाकी है। उन्होंने कहा कि झज्जार को अभी जंक्शन भी बनाना है। उन्होंने बताया कि बचपन में सुना करते कि झज्जार में रेल नहीं आती लेकिन आज यह सपना पूरा कर इतनी खुशी हो रही है। उन्होंने कहा राजनीति में सब कुछ बदलता सकता है लेकिन एक चीज आज के बाद कभी नहीं बदलेगी वह यह कि झज्जर भारत के रेल नक्शे में शुमार हो गया। शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि विकास के इसी बलबूते पर प्रदेश में तीसरी बार भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में सरकार बनेगी। | ||