Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Oct 11, 2012 - 15:00:33 PM


Title - हैदराबाद और दिल्ली से जुड़ेगा बस्तर, जगदलपुर से दुर्ग के बीच की ट्रेन को हरी झंडी
Posted by : AllIsWell on Oct 11, 2012 - 15:00:33 PM

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जगदलपुर से दुर्ग के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बुधवार को हरी झंडी दिखाई। पहले दिन यह ट्रेन निर्धारित समय से 20 मिनट पहले रवाना हुई। रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रमन ने कहा कि रेल देश को जोड़ता है। आज बस्तर दुर्ग से जुड़ा है, कल हैदराबाद और फिर दिल्ली से जुड़ेगा। बस्तर आर्थिक छलांग लगाने की तैयारी में है और यह सड़क मार्ग से नहीं, रेल लाइन से ही संभव होगा।



मुख्यमंत्री ने कहा कि दल्लीराजहरा से जगदलपुर के बीच बनने वाली 235 किमी लंबी रेल लाइन के पहले चरण में 95 किमी का कार्य होना है। जबकि दूसरे चरण में रावघाट से जगदलपुर तक 170 किमी रेल लाइन का निर्माण किया जाना है। इस पर ज्यादा जोर देना होगा। उन्होंने प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत राज्य में कुछ ऐसी रेल लाइन के निर्माण करने पर जोर दिया जो आर्थिक तौर पर वायबल न हो।



केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री महंत ने हाल ही में रायपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री के प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में नए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए नए प्रस्ताव शीघ्र भिजवाने की सलाह दी है। जिससे यहां नए यूनिट की स्थापना की जा सके।




छह संजीवनी एक्सप्रेस भी शुरू मुख्यमंत्री ने स्टेशन परिसर में ही छह नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाई। बस्तर जिले में पूर्व से ही 11 संजीवनी एंबुलेंस चल रही है। कार्यक्रम में सांसद दिनेश कश्यप, पीएचई मंत्री केदार कश्यप, वन मंत्री विक्रम उसेंडी, विधायक संतोष बाफना, डॉ. सुभाऊ कश्यप आदि मौजूद थे।




जगदलपुर को एसईसीआर में लाने की कोशिश इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री चरण दास महंत ने कहा कि इस ट्रेन के शुरू हो जाने के बाद बस्तर का सरगुजा से सीधा रेल संपर्क हो गया है। जगदलपुर को अब हैदराबाद से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।



जगदलपुर को पूर्व तटीय रेल जोन से अलग कर दक्षिण पूर्व मध्य रेल मंडल (एसईसीआर) में लाने की कोशिश भी की जाएगी। बस्तर में मक्का की ज्यादा पैदावार को देखते हुए उन्होंने यहां प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए प्रयास किए जाने की बात कही।