Indian Railways News => Topic started by Mafia on Sep 03, 2012 - 21:00:06 PM


Title - हादसे का सबब बन सकता रेलवे ओवरब्रिज
Posted by : Mafia on Sep 03, 2012 - 21:00:06 PM

जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा :

झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर शहर को जोड़ने वाला रेलवे ओवरब्रिज कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। इसकी हालत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।

सन् 1966 में निर्मित इस रेलवे ओवरब्रिज से शहरवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होती है। इसके नीचे मुंबई-हावड़ा रेल लाइन है। शहरवासियों की सुविधा के लिए इस ब्रिज का निर्माण रेलवे लाइन के ऊपर किया गया था। आज इसकी अवस्था बिना रख-रखाव के कारण पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इस रेलवे ब्रिज से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों के साथ ही दो पहिया और चार पहिया वाहन के अलावा कोयला लदी ट्रकों तथा यात्री बसों का आवागमन होता रहता है। रेलवे ओवरब्रिज के लोहे के गार्डर टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं। ब्रिज के दोनों ओर का रास्ता काफी ऊंचा होने से पुल के ऊपर वर्षा का पानी जाम हो जाता है, जो कभी भी दुर्घटना को आमंत्रण दे सकता है। इस ब्रिज की मरम्मत व निर्माण के लिए शहरवासियों तथा विभिन्न संगठनों ने ब्रजराजनगर के निरीक्षण को आए जीएम से इस ब्रिज की मरम्मत कराने का अनुरोध किया था। मगर उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि यह ब्रिज रेलवे राज्य सरकार ने बनाया था। इसलिए रेलवे को इससे कोई मतलब नहीं है। अगर ब्रिज की अवस्था ज्यादा खराब होती है तो हम किसी प्रकार का जोखिम मोल नहीं उठा सकते। रेलवे जीएम के इस तरह की बयान से शहरवासियों में आक्रोश बढ़ने लगा है। दूसरी ओर पीडब्लूडी की अधिकारियों से उक्त ब्रिज के निर्माण के लिए नगरपाल नंद किशोर अग्रवाल ने लिखित रूप से अनुरोध करने की बात कही है। वहीं अगर समय रहते हुए उक्त ब्रिज का मरम्मत या निर्माण नहीं किया गया तो इसका टूटना सुनिश्चित है।