Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jun 25, 2013 - 12:00:57 PM


Title - स्पेशल ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, ट्रेनें हुई लेट
Posted by : nikhilndls on Jun 25, 2013 - 12:00:57 PM

मोदीनगर स्टेशन के पास सोमवार की सुबह हरिद्वार से मुंबई जा रही यात्रा स्पेशल ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गाजियाबाद मेरठ रूट पर तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई।
उत्तराखंड में आई आपदा से प्रभावित यात्रियों के लिए रेलवे द्वारा चलाई गई यात्रा स्पेशल ट्रेन (18751) सुबह 3 बजकर 45 मिनट पर काजमपुर फाटक से गुजरी। ट्रेन जैसे ही मोदीनगर स्टेशन के पास पहुंची इंजन पटरी से उतर गया। ट्रेन थ्रू लाइन से होकर गुजर रही थी, जिसके कारण गाजियाबाद और मेरठ के बीच अप और डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर डीआरएम एके सचान, एरिया अफसर महेंद्र कपूर सहित रेलवे के तकनीकी टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रैक की मरम्मत और इंजन को ट्रैक पर चढ़ाने के बाद सुबह 8 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना की वजह जल्दबाजी में ट्रैक में हुए परिवर्तन को माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रविवार की देर रात चोरों ने काजमपुर गांव के पास रेलवे की ओवर हेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन से तार काट लिया था, जिसके कारण सिग्नल और ट्रैक के कांटा नंबर 42 के प्वाइंट में परिवर्तन करना पड़ा। ड्राइवर को इसकी जानकारी दे दी गई थी। ड्राइवर ने ट्रेन की रफ्तार भी कम कर दी, लेकिन कांटा ठीक से सेट नहीं होने के कारण इंजन के पिछले पहिये ट्रैक से उतर गए और ट्रेन झटके के साथ रुक गई।
दुर्घटना के बाबत डीआरएम ने ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर कमलेश कुमार, कांटा का प्वाइंट बदलने वाले गगन किशोर से जवाब- तलब किया है। ट्रेन के गार्ड जसराम, स्टेशन अधीक्षक गणेश चंद्रा व सिग्नल विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों से पूछताछ के बाद डीआरएम ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाही बरतने वाले रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दुर्घटना के कारण अहमदाबाद मेल, शताब्दी एक्सप्रेस, शालीमार ऐक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस, दिल्ली अंबाला पैसेंजर, बांद्रा देहरादून एक्सप्रेस, सहारनपुर दिल्ली पैसेंजर, मुज्जफरनगर दिल्ली पैसेंजर, मेरठ शटल, टूडीएस का परिचालन प्रभावित हुआ। ये ट्रेनें एक से तीन घंटे की देरी से गंतव्य के लिए चली।