Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 22, 2013 - 18:00:25 PM


Title - स्टेशन से पोस्टर हटवाने में एसटीएफ नाकाम
Posted by : railgenie on Sep 22, 2013 - 18:00:25 PM

प्रतापगढ़। स्वच्छता के लिए गठित हुई स्पेशल टास्क फोर्स स्टेशन पर पोस्टर लगाने वालों को नहीं रोक पा रही है। निजी कंपनियां अपने प्रचार-प्रसार के लिए स्टेशन को पोस्टरों से पाट दे रही हैं। यही नहीं लोग जगह-जगह गंदगी फैला रहे हैं लेकिन उन्हें न तो रोका जा रहा है और न ही उन पर कोई कार्रवाई हो रही है।
रेलवे स्टेशन को स्वच्छ रखने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन हुआ है। इसमें स्टेशन अधीक्षक को इंचार्ज बनाया गया है। साथ ही जीआरपी एसओ भूपेंद्र प्रताप सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर एके धीमान, सीएमआई आरएस चौरसिया सहित कई अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया है। इनका काम है कि स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले लोगों को रोकें। इसमें पोस्टर चिपकाना, पान खाकर स्टेशन पर थूकना और खाने पीने की वस्तुओं को फैलाना शामिल है। ऐसे लोगों को दंड देने से लेकर अधिकतम पांच सौ रुपये जुर्माने का भी प्राविधान रखा गया है। एसटीएफ का गठन हुए करीब 15 दिन से अधिक बीत गया है। गठन के तुरंत बाद स्टेशन को साफ कराया गया था। स्टेशन पर लगे पोस्टरों को भी हटवाया गया था। निर्णय लिया गया था कि आगे से इस तरह की हरकत करने वालों को रोका जाएगा। गठन के बाद सभी इस जिम्मेदारी को भूल गए। स्टेशन पर कई निजी कंपनियों ने फिर से पोस्टर चिपका दिया है। यही नहीं लोग जगह-जगह गंदगी भी फैला रहे हैं लेकिन टास्कफोर्स ने इस बारे में एक भी सार्थक कदम नहीं उठाया।
स्टेशन परिसर में निजी कंपनियों द्वारा लगाए पोस्टरों के बारे में जब सीएमआई आरएस चौरसिया से पूछा गया तो उन्होंने कंपनी के नंबरों पर फोन कर तुरंत इसे हटवाने की बात कही। साथ ही कहा कि दोबारा इस तरह की हरकत किए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उधर एसएस केएन शर्मा ने कहा कि अभी काम ज्यादा है। सोमवार से फोर्स स्टेशन पर घूमेगी और इस तरह के कार्यों पर रोक भी लगाएगी।