Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Oct 17, 2012 - 12:00:58 PM


Title - स्टेशन पर रहेगी तीसरी आंख की नजर
Posted by : railenquiry on Oct 17, 2012 - 12:00:58 PM

डॉ. संदीप सैनी, भिवानी

नवरात्रों के शुरुआत के साथ ही त्यौहारों की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही अपने घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में, स्टेशनों पर बढ़ी है तो असामाजिक तत्व भी मौके का फायदा उठाने से बाज नहीं आते। ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने से लिए रेलवे व जीआरपी पुलिस ने तैयारी कर ली है। इसके साथ ही कैमरों की सहायता से स्टेशन के चप्पे चप्पे पर निगाह रखी जा रही है। भिवानी रेलवे स्टेशन पर रोजाना लगभग दस से बारह हजार लोगों का आवागमन होता है। त्यौहारों की स्थिति में यह संख्या और भी बढ़ जाती है। इसके साथ ही टिकट खिड़की पर आरक्षण लेने वालों की भीड़ भी सक्रिय रहती है ऐसे में टिकटों की अवैध बिक्री करते दलाल भी सक्रिय है। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी के लगभग 40 जवान डयूटी दे रहे हैं। आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी एमएल कंडारा का कहना है कि त्यौहारों के मद्देनजर ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के कारण विशेष चैकिंग की जाती है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पर किसी भी अपराधिक गतिविधि से निपटने के लिए उनके पास पर्याप्त स्टाफ है। उनके पास फिलहाल 25 का स्टाफ है इसके साथ नौ कैमरों की सहायता से पूरे स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर निगाह रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अमृतसर-जयपुर गाड़ी में रिवाड़ी-बठिंडा में भिवानी का ही स्टाफ चलता है। दूसरी तरफ जीआरपी के इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि स्टेशन पर नियमित रूप से गश्त लगाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जाती है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 19 का स्टाफ है जिसमें 16 पुरुष व तीन महिला सदस्य है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है व यात्रियों की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।