Indian Railways News => Topic started by irmafia on Aug 27, 2013 - 14:56:45 PM


Title - स्टेशन पर नहीं बुझती यात्रियों की प्यास
Posted by : irmafia on Aug 27, 2013 - 14:56:45 PM

प्रतापगढ़। स्टेशन पर पानी की समस्या सुधरने का नाम नहीं ले रही है। यात्रियों को इसके चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रेनों के आने पर यात्री पानी की तलाश में टोटियोें पर जाते हैं लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। यही नहीं स्टेशन पर बैठे यात्रियों को भी पानी नसीब नहीं होता।
जंक्शन पर सोमवार को पानी नहीं आया। इससे सुबह से आने जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों को पानी नहीं मिला। नीलांचल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों का रेला प्लेटफार्म की टोटियों पर पहुंचा। कई टोटियों को चेक करने पर यात्रियों ने पाया कि उनमें पानी नहीं आ रहा है। दो नंबर पर जीआरपी थाने के सामने की बड़ी टंकी में लगी एक टोटी से पानी गिर रहा था। थोड़ी ही देर में इस टोटी पर यात्रियों की इतनी भीड़ हो गई कि धक्का-मुक्की होने लगी। इस टोटी से भी पानी इतना धीरे-धीरे गिर रहा था कि लोगों को पानी भरने में मुसीबत हो रही थी। कुछ यात्रियों ने पानी भरा तो कुछ को भीड़ के कारण सफलता नहीं मिली। इसके अलावा गेट के पास लगी टोटी के साथ ही अन्य टोटियों में बिल्कुल पानी नहीं आ रहा था। यही हाल जनता एक्सप्रेस के समय हुआ। यात्रियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। स्टेशन पर पानी की यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। बीच में इसे गंभीरता से लेकर पानी की आपूर्ति बराबर की जाती रही। बाद में इससे अधिकारियों का ध्यान हट गया। अब हालत यह है कि पानी न आने से यात्रियों के साथ ही वेंडरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।