Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Oct 10, 2012 - 18:01:10 PM


Title - सीसीटीवी की जद में आया गाजियाबाद स्टेशन परिसर
Posted by : riteshexpert on Oct 10, 2012 - 18:01:10 PM

जागरण संवाद केंद्र, गाजियाबाद : स्टेशन परिसर को सीसीटीवी कैमरों की जद में लाने की रेल विभाग की योजना मंगलवार को पूरी हो गई। अब स्टेशन परिसर का चप्पा-चप्पा चौबीस घंटे कैमरे की निगरानी में रहेगा। परिसर में लगाए गए 38 में से 36 कैमरे शुरू हो गए। बंदरों से सुरक्षा के लिए कैमरों के चारों ओर कंटीले तार का जाल बनाया जा रहा है। एक सप्ताह ट्रायल के बाद कैमरों की निगरानी रेल विभाग को सौंप दी जाएगी।

देर से ही सही लेकिन गाजियाबाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद पूरी हो गई। 15 अगस्त से पहले गाजियाबाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने की योजना बनी थी। इसके तहत स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारा पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और लगेज स्कैनर मशीन लगाए गए। पूरे स्टेशन परिसर में 38 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 15 अगस्त तक इन कैमरों को चालू किया जाना था। लेकिन तकनीकि कारणों से ऐसा नहीं हो पाया था। मंगलवार को स्टेशन पर लगे 36 कैमरों को चालू कर दिया गया। दो कैमरों को अगले कुछ दिनों में चालू कर दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की मानिटरिंग के लिए प्लेटफार्म नंबर-4 पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसमें तीन बड़ी एलसीडी टीवी लगाए गए हैं। जहां पर बैठे व्यक्ति को स्टेशन परिसर के हर स्थान की पल-पल की जानकारी मिलती रहेगी। कंट्रोल रूम में एक माह तक के पुराने रिकार्ड को दुरूस्त रखा जा सकेगा। उसके बाद डाटा खत्म हो जाएगा। गाजियाबाद स्टेशन पर बंदरों का जबरदस्त आतंक है। जीआरपी थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों को बंदरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। ऐसे में आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा के लिए कंटीले तारों का सुरक्षा कवच बनाया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर विशोख गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल शुरु हो गया है और जल्द इसे चालू कर दिया जाएगा।