Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Sep 12, 2013 - 12:00:03 PM


Title - सीनी स्टेशन में समस्याओं का अंबार
Posted by : AllIsWell on Sep 12, 2013 - 12:00:03 PM

सीनी : एक ओर जहां रेल प्रशासन यात्रियों की तरह-तरह सुविधाओं की घोषणा करता है, वहीं दक्षिण पूर्व रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशन सीनी में दिन-प्रतिदिन समस्याओं का अंबार बढ़ता ही जा रहा है। यात्रियों की सुविधा इन समस्याओं के आगे सिमटने लगी है।
विदित हो कि सीनी जिला मुख्यालय का निकटतम स्टेशन है, जहां दर्जनों एक्सप्रेस एवं यात्री गाडि़यों का ठहराव होता है और प्रतिदिन हजारों यात्रियों का समागम होता है। स्टेशन में औसतन प्रतिदिन 40 हजार रुपये के टिकट की बिक्री होती है। सीनी स्टेशन में कई तरह की समस्याएं हैं। यहां बुजुर्ग एवं निश्शक्त यात्रियों के लिए किसी तरह की कोई सुविधा नहीं है। यात्रियों को ऊंची सीढ़ी चढ़कर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक व दो को जाना पड़ता है। सुविधाओं के अभाव में अनेक बुजुर्ग व निश्शक्त यात्री जमशेदपुर जाकर रेल यात्रा करते हैं। सीनी स्टेशन में टिकट काउंटर व आरक्षण केंद्र स्टेशन के अंदर है, जबकि नियमत: स्टेशन के बाहर होना चाहिए क्योंकि प्लेटफार्म पर जाने के लिए टिकट की आवश्यकता होती है। पूछताछ की खिड़की नहीं है, जिसकी वजह से यात्रियों को ट्रेन आवागमन की सही सूचना नहीं मिल पाती है। यात्री शेड भी छोटा है, जिस वजह से बरसात या गर्मी में यात्रियों को रेल यात्रा में कई तरह की कठिनाइयां होती हैं। यहां एक भी सफाईकर्मी नहीं है। स्टेशन अधीक्षक अपनी जेब से पैसे खर्च कर दो-तीन दिन में एक बार बाहर से सफाई कर्मी लाकर स्टेशन परिसर की साफ-सफाई कराते हैं। अनुबंध समाप्त हो जाने के बाद रेल प्रशासन की ओर से अब तक साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गयी है। यहां ग्रुप डी के तीन स्वीकृत पद हैं पर वर्षो से रिक्त पड़े हैं। स्टेशन में फास्ट फूड का कोई स्टाल नहीं है। स्टाल के न रहने से यात्रियों को परेशानी होती है। लोगों का मानना है कि अगर स्टेशन में यात्री सुविधा मुहैया कराई जाए तो न केवल स्थानीय रेल यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि रेल प्रशासन की आय भी बढ़ेगी।