Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Sep 05, 2013 - 05:57:08 AM


Title - सात घंटे तक रेल परिचालन रहा बाधित
Posted by : Jitendar on Sep 05, 2013 - 05:57:08 AM

पटना-मुगलसराय रेलखंड पर स्थित बिहार के बिहिटा स्टेशन पर मंगलवार की रात नौ बजे भागलपुर से नई दिल्ली को जाने वाली अप गरीब रथ एक्सप्रेस का इंजन अचानक फेल हो गया। अप लाइन का परिचालन सात घंटे तक बाधित रहा। इसका असर बुधवार की सुबह दिलदारनगर स्टेशन पर पड़ा।
गरीब रथ एक्सप्रेस का इंजन बिहार के बिहिटा स्टेशन पर फेल हो गया। ट्रेन अप मेन लाइन पर खड़ी हो गई। इंजन फेल होने की सूचना बिहिटा स्टेशन मास्टर ने दानापुर नियंत्रण कक्ष को दिया। नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर पीछे स्टेशन के लूप लाइन में खड़ी मालगाड़ी के इंजन को लाकर लगभग दो घंटे बाद जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया लेकिन वरुणा स्टेशन पर पहुंचते ही इंजन के पहिए का ब्रेक जाम हो गया और चिंगारी निकलने लगी। ट्रेन के गार्ड व चालक ने काफी मशक्कत के बाद ब्रेक बाइडिंग छुड़ाया। कुछ दूर चलने के बाद पुन: इंजन का पहिया जाम हो गया। किसी तरह चालक ने धीरे-धीरे ट्रेन को बक्सर लाकर खड़ा किया। ब्रेक जाम की जानकारी ट्रेन परीक्षक बक्सर के कर्मचारियों को दिया गया। कर्मचारियों ने ब्रेक जाम को सहीकर ट्रेन को तड़के 3.30 बजे मुगलसराय की ओर रवाना किया। इसका असर स्टेशन पर रहा। अप तूफान एक्सप्रेस 4 घंटे, पटना कुर्ला एक्सप्रेस 3 घंटे, गरीब रथ एक्सप्रेस 9 घंटे, मगध एक्सप्रेस 8 घंटे, बक्सर मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन 2 घंटे विभूति एक्सप्रेस एक घंटे लेट रही। पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। उप स्टेशन अधीक्षक नफीस खा ने बताया कि गरीब रथ का इंजन फेल होने के कारण सात घंटे तक अप रूट का परिचालक बाधित रहा। स्टेशन पर गाड़ियों घंटो विलंब से पहुंचीं।