Indian Railways News => Topic started by Mafia on Jul 11, 2012 - 12:00:38 PM


Title - समय बदलने के पहले दिन 10 यात्रियों ने टिकट कटवाए
Posted by : Mafia on Jul 11, 2012 - 12:00:38 PM

रेलवे में तत्काल आरक्षण का समय बदलने के पहले दिन मंगलवार को उदयपुर सिटी स्टेशन पर 10 यात्रियों ने टिकट कटवाए। आईडी प्रूफ साथ न लाने वाले तीन यात्रियों को वापस लौटा दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार दो जने तत्काल आरक्षण का समय बदलने की जानकारी न होने से रोजाना की तरह सुबह 8 बजे ही स्टेशन पहुंच गए। इन यात्रियों को दो घंटे बाद आने को कहा गया।


तत्काल आरक्षण के आवेदकों को सुबह पौने 10 बजे के पहले आरक्षण कार्यालय कक्ष में प्रवेश नहीं करने दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने समय पूर्व आने वाले तत्काल आरक्षण के यात्रियों को बाहर रोक दिया। आवेदन फार्म के साथ आईडी प्रूफ न लाने वाली एक महिला सहित तीन यात्रियों को आरक्षण कक्ष में प्रवेश करने से रोक दिया गया। रेलवे बोर्ड की हिदायत के मुताबिक आरपीएफ के जवानों ने अक्सर आरक्षण कराने वालों पर विशेष रूप से निगरानी रखी।



आरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि तत्काल आरक्षण का समय सुबह 10 से 12 बजे तक कर देने से टिकटों की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी निगाह रखी जा सकेगी। रेलवे की इस सख्ती का लाभ उन लोगों को मिलेगा जो तत्काल आरक्षण का अतिरिक्त चार्ज देने के बावजूद टिकट प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। एजेंट तत्काल आरक्षण के टिकट खरीद कर कमीशन रेट पर जरूरी यात्रा करने वालों को बेच देते हैं।