Indian Railways News => Topic started by irmafia on Sep 15, 2013 - 23:56:12 PM


Title - शहर से दूर रुकेंगी ट्रेनें, मुश्किलें बढ़ेंगी
Posted by : irmafia on Sep 15, 2013 - 23:56:12 PM

शहर से दूर रुकेंगी ट्रेनें, मुश्किलें बढ़ेंगी
डोमिनगढ़, नकहा और कैंट स्टेशन पर बसें लगाने से रोडवेज ने मना किया
• अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य 26 सितंबर से सात अक्टूबर तक होगा। इस बीच 19 एक्सप्रेस और 38 पैसेंजर ट्रेनें डोमिनगढ़, नकहा और कैंट स्टेशनों पर ही रोक दी जाएगी।
इन स्टेशनों से गोरखपुर तक आने में यात्रियों को काफी मशक्कत करनी होगी क्योंकि रोडवेज प्रशासन ने यहां से बसें चलाने से हाथ खड़े कर दिए हैं, यानी छोटी गाड़ियों से ही सफर करना होगा और गाड़ियों की तादाद भी इतनी कम है कि सभी को मयस्सर नहीं हो पाएंगी।
रेलवे ने डोमिनगढ़, नकहा और कैंट स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त करने का शेड्यूल जारी कर दिया है जबकि नकहा जंगल और कप्तानगंज स्टेशनों से ही सवारी गाड़ियां लौट जाएंगी। छोटे स्टेशनों से यात्रियों को गोरखपुर तक लाने और पहुंचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने परिवहन निगम को पत्र लिखकर अनुरोध किया था।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उन्हीं रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जा सकती हैं जहां बसें पहले से चल रही हैं।
बीच स्टेशन पर निरस्त होने वाली ट्रेनें
देहरादून- गोरखपुर एक्सप्रेस, हिसार-गोरखपुर एक्सप्रेस, दुर्ग-नौतनवां एक्सप्रेस, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस, बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, पुणे - गोरखपुर एक्सप्रेस, हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस, शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस, मण्डुवाडीह-गोरखपुर- मण्डुवाडीह इण्टरसिटी एक्सप्रेस, गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस, गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस, नौतनवां-दुर्ग एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस बीच के स्टेशनों तक ही चलाई जाएंगी।
यात्रियों के लिए खास
•डोमिनगढ़ स्टेशन से 50 कदम की दूरी पर डोमिनगढ़ चौराहा है जहां ऑटो स्टैंड है। यहां से आसपास के क्षेत्र में ऑटो चलते हैं। शहर में आने के लिए ऑटो रिजर्व करना पड़ेगा।
• नकहा जंगल स्टेशन से आधा किलोमीटर दूर बरगदवा चौराहे तक पैदल आना पड़ेगा, बरगदवां से ऑटो की सुविधा मिलेगी।
• कैंट स्टेशन से 100 मीटर की दूरी पर ऑटो स्टैंड है जहां से 15 से 20 ऑटो रोजाना चलते हैं।
•इन स्टेशनों पर निरस्त होंगी ट्रेनेंः डोमिनगढ़, कैंट छावनी, नकहा जंगल, सहजनवां, कप्तानगंज।
यार्ड रिमाडलिंग से फायदे
• सात की जगह 10 प्लेटफार्म हो जाएंगे।
• नौ प्लेटफार्म पर 24 या इससे अधिक कोच वाली ट्रेनें आएंगी।
• गोरखपुर से डोमिनगढ़ तक एक साथ दो ट्रेनें आ सकेंगी।
•11 की जगह 15 रनिंग लाइन हो जाएगी।
• सेंट्रल पैनल से गाड़ियों को चलाया जाएगा।