Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jun 17, 2013 - 11:30:03 AM


Title - शहर तक मेट्रो पहुंचने की जगी आस
Posted by : puneetmafia on Jun 17, 2013 - 11:30:03 AM

नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो लाने की योजना के साकार होने की उम्मीद जगने लगी है। सब कुछ ठीक रहा, तो अगस्त तक मेट्रो ट्रैक के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।इसके पीछ ठोस वजह भी है कि प्रदेश सरकार की तरफ से मेट्रो निर्माण को लेकर तेजी लाने का निर्देश ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को दिया गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर मेट्रो का शिलान्यास करेंगे। फिलहाल इस पर अभी तक आधिकारिक तौर पर मुहर नहीं लगी है। मेट्रो ट्रैक के निर्माण व ऑपरेशन को लेकर नोएडा मेट्रो रेल कंपनी (एनएमआरसी) के गठन का प्रयास प्राधिकरण ने तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि कंपनी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जून के दूसरे सप्ताह तक पूरी हो जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण ने बताया कि मेट्रो निर्माण को लेकर राह में आने वाली रुकावट को दूर करने का प्रयास तेजी से चल रहा है। निर्माण में आ रही सारी रुकावट जुलाई तक दूर हो जाएगी। सब कुछ ठीक रहा, तो अगस्त के अंतिम सप्ताह तक मेट्रो निर्माण का शिलान्यास करा दिया जाएगा। शिलान्यास होने के बाद तीन साल के अंदर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। मेट्रो निर्माण को लेकर जल्द ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों के साथ बैठक होगी।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 27 मई को हुई बोर्ड बैठक में डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी थी। डीपीआर को अगले सप्ताह तक शासन से मंजूरी मिल जाएगी। ग्रेटर नोएडा के निर्माण में दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआइसी) ने भी रुचि दिखाई है। डीएमआइसी ने एक हजार करोड़ रुपये के मदद का आश्वासन भी दिया है। नोएडा मेट्रो रेल कंपनी के गठन का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। कंपनी के लिए शुरुआती पूंजी एक हजार करोड़ रुपये रखी गई है। कंपनी का गठन होने के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज उत्तर प्रदेश को भेजा गया है। 29.707 किलोमीटर एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक के निर्माण पर 5500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।