Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jul 13, 2012 - 08:00:09 AM


Title - शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा शुरू
Posted by : railgenie on Jul 13, 2012 - 08:00:09 AM

पूर्व घोषित न्यू जलपाइगुड़ी-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को जब शहर में आकर रूकी तो उसे देखने के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस मौके पर पूरे ट्रेन को रंगबिरंगे फूल-मालाओं से सजाया गया था.
पूरी तरह वातानुकूलित कमरों से सुसज्जित इस ट्रेन की मांग क्षेत्र के लोग वर्षो से करते आ रहे थे. लोगों की मांग को देखते हुए पूर्व रेल मंत्री सह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गत 11 फरवरी को बागडोगरा में आयोजित एक जन सभा में इसे जल्द चालू कराने की मांग रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी से की थी. रेल मंत्री श्री त्रिवेदी द्वारा लाये गये रेल बजट में रेलमंत्री ने इस ट्रेन के परिचालन की घोषणा की थी.
बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार से रिमोट द्वारा इस ट्रेन का परिचालन का उदघाटन किया. जबकि एनजीपी स्टेशन पर सिलीगुड़ी विधायक रूद्रनाथ भट्टाचार्य व राजगंज विधायक खगेश्वर राय ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस ट्रेन का परिचालन रविवार को छोड़ प्रतिदिन किया जायेगा.
क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन प्रात: 5:35 बजे एनजीपी से चलकर 6:41 बजे किशनगंज पहुंचेगी तथा दोपहर 1:35 बजे इसका हावड़ा पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है. वही दोपहर 2:35 बजे यह हावड़ा से खुलेगी तथा संध्या 8:58 बजे किशनगंज तथा 10:20 बजे एनजीपी पहुंचेगी.
एनजीपी और हावड़ा के मध्य यह ट्रेन मात्र किशनगंज, मालदा व बोलपुर में ठहराव करेगी. पूर्णत: वातानुकूलित इस ट्रेन में चेयर कार व ऐक्जीक्यूटिभ चेयर कार की सुविधा उपलब्ध है. एनजीपी से हावड़ा तक का सफर चेयर में करने वालों के लिए मात्र 760 रूपये बकायदा भाड़ा चुकाना होगा. जबकि एसी टू चेयर कार का भाड़ा 1660 रूपये निर्धारित किया गया है.