Indian Railways News => Topic started by irmafia on Oct 10, 2012 - 18:00:30 PM


Title - लाल सिग्नल को पार कर गई ट्रेन, तीन निलंबित गोरखधाम भी हुई थी ओवरशूट
Posted by : irmafia on Oct 10, 2012 - 18:00:30 PM

आनंद विहार टर्मिनस से चलकर गोरखपुर आ रही 05028 स्पेशल ट्रेन सोमवार को यहां तरंग क्रासिंग के पास ओवरशूट (रेड सिग्नल को पार करना) कर गई। हालांकि कर्मचारियों की सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना तो टल गई लेकिन इसके बाद रेल प्रशासन के माथे पर बल पड़ गए। आनन- फानन जांच शुरू हो गई और देर शाम तक चालक, सहायक चालक और लोको निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया।

घटना सुबह करीब 8. 30 बजे की है। स्पेशल ट्रेन डोमिनगढ़ स्टेशन से आगे बढ़ रही थी। उसे तरंग क्रासिंग के पश्चिमी छोर स्थित आउटर पर रुकना था। सिग्नल लाल ही था जिसके चलते तरंग समपार फाटक का ढाला भी बंद नहीं था। क्रासिंग पर लोगों का आवागमन जारी था। बावजूद इसके, गाड़ी आउटर सिग्नल पर रुकने की बजाए आगे बढ़ने लगी। शायद चालक ने सिग्नल को देखा ही नहीं। उधर लाल सिग्नल के बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ते देख गेट मैन की सांस फूल गई। आनन- फानन उसने गेट बंद कर दिया। यही नहीं जब गाड़ी आउटर से होम सिग्नल में प्रवेश कर गई तो स्टेशन प्रबंधन कंट्रोल की भी सांसे अटक गईं। अभी कोई कुछ समझ पाता कि ट्रेन धर्मशाला ओवरब्रिज तक पहुंच गई। इसी बीच एएसएम ने सूझबूझ दिखाते हुए लाइन का प्वाइंट ही बदल दिया, क्योंकि जिस लाइन के प्वाइंट पर ट्रेन आ रही थी उसी पर आगे दूसरी ट्रेन थी। तबतक गार्ड और चालक को भी गलती का एहसास हो गया और उन्होंने गाड़ी को रोक लिया। कुछ मिनटों में ही संबंधित और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच शुरू हो गई। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया दोषी कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
--------गोरखधाम भी हुई थी ओवरशूट
17 अप्रैल 2012 को भी 12556 डाउन गोरखधाम एक्सप्रेस लखनऊ मंडल के जगतबेला रेलवे स्टेशन पर ओवरशूट हो गई थी। चालक को जब अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसने गाड़ी को नियंत्रित किया। ऐसे में एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल प्रशासन ने देर शाम ट्रेन के चालक और सहायक चालक दोनों को निलंबित कर दिया था। बता दें कि रेलवे की दृष्टि में ओवरशूट बड़ी घटना मानी जाती है।
-----------लेट हुई ट्रेनें, यात्री परेशान
स्पेशल ट्रेन 05028 के ओवरशूट होने के चलते सोमवार को कई ट्रेन लेट से गई। जगह- जगह गाड़ियां खड़ी हो गईं। ऐसे में यात्री परेशान रहे। 12554 वैशाली एक्सप्रेस डोमिनगढ़ में ही खड़ी हो गई। वह आधा घंटे लेट हुई। इसके अलावा गोंडा- गोरखपुर सवारी गाड़ी और नौतनवां- गोरखपुर सवारी गाड़ी भी लेट हुई।