Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jun 30, 2013 - 00:01:09 AM


Title - लखनऊ में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, जानिए कहां-कहां होंगे स्टेशन
Posted by : nikhilndls on Jun 30, 2013 - 00:01:09 AM

लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने मेट्रो रेल परियोजना की घोषणा को मूर्तरूप देते हुए गुरुवार को इसके पहले चरण को हरी झंडी दे दी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार लखनऊ के लोगों को यातायात की सुगम एवं सुचारू सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अमौसी हवाईअड्डे से चारबाग, विधानसभा, हजरतगंज, लखनऊ विश्वविद्यालय, आईटी चौराहा तथा पालिटेक्निक चौराहा होते हुए मुंशी पुलिया तक के 23 किमी मार्ग तक इस चरण में मेट्रो रेल दौड़ेगी।

इस विषय में लिए गए नीतिगत निर्णय के अनुसार, लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के लिए डीएमआरसी द्वारा प्रस्तुत डीपीआर में प्रस्तावित दो कॉरिडोर में से प्रथम चरण में 22.994 किमी लंबे नाथ-साउथ कॉरिडोर के संरेखण को अनुमोदित किया गया। इसके तहत भूमिगत भाग चारबाग से हजरत गंज तथा लगभग तीन किमी रहेगा।

ज्ञातव्य है कि डीएमआरसी द्वारा अप्रैल 2011 में दिए गए डीपीआर में इस कॉरिडोर की 7.208 किमी भाग को भूमिगत रखा गया था। डीएमआरसी द्वारा मेट्रो सेल के साथ कई चरणों में परीक्षण कराकर इसमें लगभग 4.2 किमी लंबाई में भूमिगत के स्थान पर एलीवेटेड रेल का प्रस्ताव दिया, जिससे योजना की लागत में लगभग एक हजार करोड़ रुपए की बचत संभावित है।