Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jul 20, 2013 - 18:00:28 PM


Title - लखनऊ-प्रतापगढ़ डीएमयू अगले हफ्ते से
Posted by : nikhilndls on Jul 20, 2013 - 18:00:28 PM

लखनऊ। यात्रियों को कम किराये में लखनऊ से प्रतापगढ़ पहुंचाने के लिए अगले सप्ताह से नई डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) दौड़ेगी। डीआरएम जगदीप राय के प्रयासों से बृहस्पतिवार शाम डीएमयू का रैक गोरखपुर से लखनऊ पहुंच गया और अब उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने ट्रेन चलाने के लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी है। मंडल प्रशासन के मुताबिक अगर सब कुछ सामान्य रहा तो अगले सप्ताह से लखनऊ-प्रतापगढ़ डीएमयू चलना शुरू हो जाएगी।
आठ बोगियों वाली डीएमयू ट्रेन सोमवार से शनिवार तक सप्ताह में छह दिन एक फेरा लगाएगी। रविवार को तकनीकी जांच के लिए संचालन बंद रहेगा। लखनऊ से डीएमयू (74202) शाम 4:25 बजे छूट कर पांच घंटे का सफर तय करते हुए रात 9:25 बजे प्रतापगढ़ पहुंचेगी। इसी तरह प्रतापगढ़ से डीएमयू (74201) सुबह पांच बजे छूटकर 10:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। मंडल रेल प्रशासन ने डीएमयू के संचालन के लिए इसकी समय सारिणी भी तय कर दी है। लखनऊ से प्रतापगढ़ जाते हुए निगोहा, बनी और जगेशरगंज में दूसरी ट्रेनों की क्रॉसिंग के लिए डीएमयू का ठहराव दस मिनट अतिरिक्त होगा। डीएमयू में बैठने के लिए कुशन वाली सीटें तो होंगी ही, कम दूरी के यात्रियों के खड़े रहने के लिए भी व्यवस्था होगी। ट्रेन के दोनों छोर पर पायलट कैब होगा, जिससे ये दोनों दिशाओं से चल सकेगी। हर बोगी में चार चढ़ने व चार उतरने के दरवाजे बनाए गए हैं। आपातकाल की स्थिति में खिड़कियों से निकासी की भी व्यवस्था है।
डीएमयू में महिलाओं की सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है। इस सिलसिले में गार्ड वाली अंतिम बोगी महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। इससे किसी भी अनहोनी की सूचना महिला यात्री तुरंत डीएमयू के गार्ड को दे सकेंगी। इसके अलावा पार्सल ले जाने के लिए भी अलग बोगी है।