Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 20, 2013 - 15:55:49 PM


Title - रैपिड मेट्रो दो अक्टूबर से दौड़ेगी पटरी पर
Posted by : railgenie on Sep 20, 2013 - 15:55:49 PM

रैपिड मेट्रो के चल रहे कार्यो को बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एसएस ढिल्लो ने देखा। उन्होंने संभावना जताई कि मेट्रो दो अक्टूबर से पटरी पर दौड़ने लगेगी। तैयारियों को ले कर उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें दिशा-निर्देश दिए।
ढिल्लो ने बताया कि गुड़गांव में बनाई जा रही रैपिड मेट्रो देश की पहली पब्लिक-प्राईवेट पार्टनरशिप आधार पर तैयार की जा रही है। इस पर लगभग 1100 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसके पहले प्रथम चरण की लंबाई 5.1 किलोमीटर है और इस दूरी में 6 स्टेशन डीएलएफ फेस टू, बैलवेड्रे टावर्स, गेटवे टावर्स, मॉलसरी एवेन्यू, डीएलएफ फेस थ्री व सिकंदरपुर हैं। इसका ज्यादातर भाग सिंगल ट्रैक का है और यह लूप के रूप में चक्कर लगाएगी। रेपिड मेट्रो का दिल्ली मेट्रो से सिकंदरपुर में मिलान होगा। इससे डीएलएफ साइबर सिटी सीधे तौर पर दिल्ली से जुड़ जाएगा। रैपिड मेट्रो के प्रबंध निदेशक संजीव राय ने बताया कि रैपिड मेट्रो के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है और अब इसके द्वितीय चरण पर भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका दूसरा चरण सिकंदरपुर से गुड़गांव सेक्टर 55-56 को जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में तीन कोच की पाच रेलगाड़िया लगाई जाएंगी और प्रत्येक रेलगाड़ी की क्षमता 800 यात्रियों की होगी। दिल्ली मेट्रो के टोकन और स्मार्ट कार्ड रैपिड मेट्रो में मान्य होंगे। रैपिड मैट्रो की कोच भी दिल्ली मेट्रो की तरह वातानुकूलित सुविधा से युक्त होगी और रैपिड मैट्रो के स्टेशनों पर अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है।