Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 25, 2013 - 03:55:39 AM


Title - रैपिड मेट्रो की एक ट्रेन विज्ञापन के लिए बुक
Posted by : railgenie on Sep 25, 2013 - 03:55:39 AM

रैपिड मेट्रो को चलाने के लिए रैपिड मेट्रो प्रबंधन फंड जुटाने में लगा है। इस क्रम में प्रबंधन ने एक पूरी मेट्रो को विज्ञापन एड के लिए बुक कर दिया है। इसकी जानकारी रैपिड मेट्रो प्रबंधन ने मंगलवार को हुई एक प्रेस वार्ता में दी।
रैपिड मेट्रो गुड़गांव लिमिटेड (आरएमजीएल) का सिकंदरपुर से गेटवे टावर तक छह स्टेशनों के निर्माण और पांच रैपिड मेट्रो के लाने पर 1088 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई थी। इसी के साथ आरएमजीएल ने फंड जुटाने की शुरुआत कर दी थी। पहले क्रम में प्रबंधन ने छह में से तीन स्टेशनों को दो टेलिकॉम कंपनियों व एक निजी बैंक को प्रचार प्रसार के लिए दे दिया था। अब प्रबंधन ने रैपिड मेट्रो की एक पूरी ट्रेन ही फंड जुटाने के लिए विज्ञापन के लिए दे दी। इस संबंध में मंगलवार को रैपिड मेट्रो गुड़गांव लिमिटेड (आरएमजीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव राय ने द 3 सी कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल निर्मल सिंह, सुरप्रीत सिंह और विदुर भारद्वाज के साथ एक अनुबंध किया। इस समझौते के तहत पांच में से एक ट्रेन को विज्ञापन के लिए बुक किया गया है। कंपनी ट्रेन पर विज्ञापन प्रकाशित कर पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगी। अब अन्य चार ट्रेनों के लिए विज्ञापन जुटाना लक्ष्य है। फंड का जुगाड़ करने के साथ ही आरएमजीएल प्रबंधन ने दूसरे फेज का निर्माण भी शुरू कर दिया है।
वहीं, रेलवे के सेफ्टी कमिश्नर की ओर से रैपिड मेट्रो को हरी झंडी नहीं मिली है। ऐसे में रैपिड मेट्रो को दो अक्टूबर से चलाने का आरएमजीएल का दावा हवा होता नजर आ रहा है।
जब भी अनुमति मिली वैसे ही रैपिड मेट्रो का निर्माण कार्य किया गया। अब सेफ्टी कमिश्नर से हरी झंडी मिलेगी, तभी रैपिड मेट्रो की ट्रेन चलेगी। हम तैयार बैठे हैं। आरएमजीएल प्रबंधन की ओर से कोई देरी नहीं हुई है।
संजीव राय, सीईओ, आरएमजीएल