Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jul 09, 2012 - 00:00:43 AM


Title - रेलवे स्टेशनों पर होगी तीसरी आंख
Posted by : nikhilndls on Jul 09, 2012 - 00:00:43 AM

इलाहाबाद : कुंभ के दौरान गंगा-जमुना-सरस्वती नदियों की त्रिवेणी में एक अदद डुबकी लगाने के लिए प्रयाग आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को स्टेशनों पर जहां भारी तादात में सुरक्षा बलों की तैनाती होगी वहीं खुफिया कैमरे रूपी तीसरी आंख भी उनके ऊपर हर पल निगाह रखेगी। महाकुंभ के लिए उत्तर मध्य रेलवे के साथ ही उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारी तादात में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के साथ उनकी सुरक्षा पर काफी जोर दिया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से अभी जंक्शन पर ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जबकि महाकुंभ के पूर्व नैनी स्टेशन भी खुफिया कैमरों की जद में आ जाएगा। इसी तर्ज पर उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे ने भी अपने स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। पूर्वोत्तर रेलवे सिटी स्टेशन रामबाग, दारागंज और झूंसी स्टेशन को कुंभ के पहले खुफिया कैमरों से लैस कर देगा जबकि उत्तर रेलवे ने प्रयाग, प्रयागघाट और फाफामऊ स्टेशनों पर खुफिया कैमरे लगाने की योजना बनाई है। उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक जयदीप राय ने बताया कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की दृष्टि से उक्त तीनों स्टेशन महत्वपूर्ण हैं। सुरक्षा के लिए प्रत्येक स्टेशन पर 15-15 अदद कैमरे लगाए जाएंगे। इसके संचालन के लिए हर स्टेशन पर नियंत्रण कक्ष बनेगा लेकिन मुख्य कंट्रोल रूम प्रयागघाट में बनाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे में 15 दिन के फुटेज स्टोर करने की क्षमता रहेगी।