Indian Railways News => Topic started by irmafia on Aug 31, 2013 - 18:00:05 PM


Title - रेलवे स्टेशन परिसर से नहीं मिलेंगे रिजर्व आटो रिक्शा
Posted by : irmafia on Aug 31, 2013 - 18:00:05 PM

अगर आप ट्रेन से अपने बूढ़े मां-बाप, पत्नी या बच्चों के साथ मुरादाबाद आ रहे हैं तो स्टेशन से घर जाने के लिए कोई और व्यवस्था कर लें अन्यथा परेशानी का सामना करने को तैयार रहें। नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्टेशन परिसर से रिजर्व में आटो रिक्शा मिलने की व्यवस्था पूरी तरह बंद हो जाएगी। स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क पर भी आटो की संख्या भी काफी कम होगी।
महानगर में पहली सितंबर से जाम की समस्या के समाधान को आटो रिक्शा संचालन के लिए नई व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रशासन ने आटो संचालन के दस रुट निर्धारित किया है। प्रत्येक रुट के लिए अलग-अलग रंग का आटो रिक्शा होंगे, वे आटो निर्धारित मार्ग से बाहर नहीं चलेंगे। आटो रिक्शा को हर हाल में अपने रूट पर ही चलना पड़ेगा।
रेलवे ने अभी तक ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों के लिए बीस आटो रिक्शा को स्टेशन पर खड़ी करने की अनुमति दे रखी है। ट्रेन से आने वाले यात्री आटो रिजर्व कर महानगर के किसी क्षेत्र में जाते हैं। नई व्यवस्था के तहत यह सुविधा अब बंद हो जाएगी।
स्टेशन के बाहर सड़क से महानगर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रत्येक दिन एक हजार से अधिक आटो चलते हैं। अब उनकी संख्या घटकर महज सौ रह जाएगी। स्टेशन के सामने से गुजरने वाली आटो रिक्शा महानगर के विभिन्न इलाकों में नहीं जाएंगे, वे केवल प्रभात मार्केट से फव्वारा तक ही चलेंगे। अन्य स्थानों पर जाने के लिए कपूर कंपनी, फव्वारा या इंपीरियल तिराहे तक पैदल या रिक्शे से जाना पड़ेगा।
अभी तक आटो रिक्शा से स्टेशन से हरथला या दिल्ली रोड दस रुपये में पहुंचा जा सकता था। अब विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए कम से कम पंद्रह रुपये तो खर्च करने ही पड़ेंगे।
संभागीय परिवहन अधिकारी जगदीश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नई व्यवस्था रेलवे स्टेशन परिसर के अंदर से रिजर्व में चलने वाले आटो रिक्शा नहीं मिलेंगे। जो समस्या सामने आएगी उस संबंध में मंडलायुक्त व जिलाधिकारी से वार्ता कर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।