Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 21, 2013 - 05:55:56 AM


Title - रेलवे स्टेशन पर लगेंगे सीसी कैमरे
Posted by : riteshexpert on Sep 21, 2013 - 05:55:56 AM

हिसार : मॉडल स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। पांच साल से इस प्रस्ताव का इंतजार कर रहे स्टेशन को जल्द ही एक दर्जन से अधिक कैमरों की सुविधा नसीब होने वाली है। सभी छह प्लेटफार्म, दो प्रवेश द्वार व बुकिंग परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। बीकानेर मंडल के अधिकारियों ने स्थान निश्चित कर कैमरों के दायरे में आने वाले स्टेशन परिसर का नक्शा तैयार कर लिया है। इन कैमरों की फुटेज संकलन व नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। आरपीएफ थाना से सटे कक्ष में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
हर रोज आवागमन करने वाले 12 हजार से अधिक यात्रियों से सौ से अधिक रेलगाड़ियों की आवाजाही के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की दरकार कई साल पहले से ही महसूस की गई है। अधिकारिक सूत्रों अनुसार फिलहाल कैमरों को लगाने के साथ नियंत्रण कक्ष अस्थाई तौर पर प्लेटफार्म नंबर दो व तीन के बीच भवन में बनाया जा रहा है। नए भवन का निर्माण कार्य पूरा होते ही कंट्रोल रूम शिफ्ट कर दिया जाएगा।
जीआरपी व आरपीएफ को मिलेगी राहत
कम स्टाफ और पुराने साधनों से सुरक्षा का जिम्मा उठा रही रेलवे की जीआरपी व आरपीएफ फोर्स को सीसीटीवी कैमरों से काफी मदद मिलेगी। दोनों बलों के प्रभारियों का कहना है कि कैमरों से 24 घंटे निगरानी में सहयोग के अलावा किसी घटना के बाद भी फुटेज को देख अपराधी तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
बहुत जल्द लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
बीकानेर मंडल के एडीआरएम जीत सिंह ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही स्टेशन परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस हो जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से प्लेटफार्म, टिकट घर, प्रवेश द्वार व यात्री पुल पर कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है।