Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 19, 2012 - 21:00:57 PM


Title - रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी
Posted by : eabhi200k on Aug 19, 2012 - 21:00:57 PM

-सिटी कंट्रोल रूम को शरारती तत्व ने दी धमकी
-खुफिया कैमरे के नीचे से दो बार किया फोन
**********
लखनऊ: चारबाग स्टेशन पर आने वाले संदिग्धों की निगरानी के लिए लगे खुफिया कैमरे के नीचे खड़े होकर एक व्यक्ति ने सिटी कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। दो बार उसने एक घंटे के भीतर उसी फोन से रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी दी। सूचना पाकर जीआरपी, आरपीएफ, जिला पुलिस और पीएसी के जवान बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कई जगहों की तलाशी के बाद पता चला कि यह किसी शरारती तत्व की शरारत थी। चारबाग स्टेशन के प्रथम श्रेणी पोर्टिको के भीतर बने इंक्वायरी काउंटर के पास सिक्के डालकर बात करने वाला फोन बॉक्स लगा है। इस बॉक्स के ठीक ऊपर रेलवे सुरक्षा बल का खुफिया स्टिल कैमरा लगा हुआ है। सुबह नौ बजे किसी शरारती तत्व ने इस फोन नंबर 2635923 से सिटी कंट्रोल रूम को स्टेशन उड़ाने की धमकी दी। सूचना जीआरपी कंट्रोल रूम के पास आते ही एसपी रेलवे डॉ. मनोज कुमार, आरपीएफ, जीआरपी और पीएसी के जवान श्वान व बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। जिस जगह से टेलीफोन किया गया था, वहां आसपास पूछताछ की गई। एक घंटे तक पार्सल घर, रेल डाक सेवा, सभी प्लेटफार्मो और दून एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की सघन तलाशी ली गई। सूचना गलत पाए जाने पर अभी सुरक्षा बलों ने राहत की सांस ली ही थी कि एक घंटे बाद 10:05 बजे एक बार फिर इसी नंबर से जीआरपी थाने पर फोन आया। इस बार भी इस व्यक्ति ने अपना नाम सुमित ठाकुर बताते हुए बम से स्टेशन उड़ाने की धमकी दी। सूचना पाकर जीआरपी उपनिरीक्षक कुवर बहादुर सिंह और क्षितिज त्रिपाठी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। रेलवे सुरक्षा बल के कंट्रोल रूम से पता चला कि जिस जगह से वह व्यक्ति फोन कर रहा था, उसके ठीक ऊपर एक स्टिल कैमरा लगा हुआ था। इस कारण नीचे फोन बॉक्स के आसपास की गतिविधियां दिखाई ही नहीं दीं