Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 03, 2012 - 15:00:55 PM


Title - रेलवे में निर्माण टेंडर होगा ऑनलाइन
Posted by : nikhilndls on Sep 03, 2012 - 15:00:55 PM

रेलवे में निर्माण टेंडर होगा ऑनलाइन
•सिटी रिपोर्टर
गोरखपुर। अब रेलवे में टेंडर डालने को लेकर खूनी जंग नहीं होने पाएगी। स्क्रैप नीलामी, सामान की सप्लाई के बाद निर्माण कार्यों के ठेकों का टेंडर भी ऑनलाइन हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड को निर्माण कार्यों का टेंडर ऑनलाइन करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस साल के अंत तक इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
टेंडर की प्रक्रिया आनलाइन होने से रेलवे का काफी फायदा होगा। बार-बार टेंडर निरस्त करने के झंझट से तो मुक्ति मिलेगी ही ठेकेदार देश के किसी भी कोने से टेंडर डाल सकेंगे। न तो कोई किसी को रोक पाएगा और न ही गोलियां बरसाने की नौबत आएगी।
बता दें कि रेलवे के ठेके पाने के लिए माफियाओं में कई बार खूनी अदावत हो चुकी हैं। रेलवे के ठेके को लेकर यूपी और बिहार के अपराधियों की बंदूकें कई बार गरजीं। इस दौरान आधा दर्जन हत्याएं भी हों चुकी हैं। जिसमें पार्क रोड पर विवेक सिंह, सपा नेता भानु मिश्र के रिश्तेदार लखनऊ में सभासद फैजी, इंजीनियरिंग विभाग के कार्यालय में विकास सिंह की हत्या शामिल है। इस साल विकास सिंह की हत्या के बाद रेल अधिकारियों ने टेंडर की पूरी प्रक्रिया को आनलाइन करने की योजना बनाई है।
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के ठेके के टेंडर को भी आनलाइन करने की तैयारी है। रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है।