Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 07, 2013 - 08:57:01 AM


Title - रेलवे ने शुरू की मच्छरनाशक ट्रेन
Posted by : nikhilndls on Sep 07, 2013 - 08:57:01 AM

डेंगू के बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के सहयोग से दिल्ली रेल मंडल ने शुक्रवार को मस्कीटो टर्मिनेटर (मच्छर नाशक) ट्रेन शुरू की है। जिससे रेल पटरियों के आसपास मच्छर मारने की दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
एसडीएमसी ने ट्रक पर लगा हुआ पावर स्प्रेयर उपलब्ध कराया है, जिसे रेलवे ने विशेष वैगन पर चढ़ाकर इसे ट्रैक पर चलाते हुए विभिन्न इलाकों में घुमाकर दवा का छिड़काव कर रहा है। मच्छर नाशक ट्रेन को शुक्रवार सुबह लगभग पौने दस बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से डीआरएम अनुराग सचान व एसडीएमसी के स्वास्थ्य अधिकारी एनके यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, दिल्ली सफदरजंग, दिल्ली किशनगंज, लाजपतनगर, हजरत निजामुद्दीन, आदर्श नगर, राठधना, दिल्ली शाहदरा, पालम तथा गुड़गांव होकर गुजरेगी। सितंबर व अक्टूबर में डेंगू तथा अन्य रोगों का अधिक खतरा रहता है। इसलिए इस दौरान दो-दो दिनों के चार चरण में छिड़काव किए जाएंगे। एक चक्कर में दो दिन की अवधि में यह ट्रेन करीब डेढ़ सौ किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
एनके यादव ने कहा कि रेलवे लाइनों के आसपास घनी आबादी रहती है, इनमें अधिकांश झुग्गी झोपड़ी हैं। रेलवे लाइन के आसपास बारिश का पानी जमा हो जाने से वहां मच्छर पनपते हैं। इसलिए इस क्षेत्र में रहने वालों को डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियां ज्यादा होती हैं। मच्छर नाशक दवाओं के छिड़काव से रेलवे लाइन के आसपास मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। हाथ से इतने बड़े क्षेत्र में मच्छर नाशक दवाओं का प्रभावकारी ढंग से प्रयोग करना संभव नहीं हो सकता, इसलिए शक्तिशाली स्प्रे के माध्यम से रेलवे लाइनों के आसपास 50 से 60 मीटर के क्षेत्र में दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। जिससे एक बड़े क्षेत्र में मच्छरजनित रोगों पर आसानी से काबू पाया जा सकेगा।