Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Aug 30, 2013 - 21:00:12 PM


Title - रेलवे ने बंद किया शहर बुकिंग काउंटर
Posted by : riteshexpert on Aug 30, 2013 - 21:00:12 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 30 अगस्त 2013 5:36 AM IST पर
झांसी। रेलवे ने टिकटों की बिक्री घटने के कारण सिंधी चौराहा (मानिक चौक) स्थित अपना टिकट काउंटर बंद कर दिया है। यह काउंटर 57 साल से संचालित था। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए वर्ष 1956 में सिंधी चौराहे के निकट अनारक्षित टिकट काउंटर की शुरूआत की थी। एक समय था जब स्टेशन पर कतार से बचने के लिए शहर क्षेत्र से आने वाले अधिकतर यात्री इसी काउंटर पर टिकट लेकर आगे बढ़ते थे। यहां तक कि कंप्यूटरीकृत आरक्षण शुरू होने से पहले गई गाड़ियों में आरक्षण भी इसी काउंटर से मिल जाता था। कंप्यूटर युग आने व प्रचार प्रसार की कमी से इस काउंटर से टिकटों की अपेक्षित बिक्री नहीं हो रही थी। इस कारण पर रेलवे ने काउंटर को पिछले बाइस अगस्त से बंद कर दिया। जनसंपर्क अधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि मानिक चौक में प्राइवेट यूटीएस काउंटर खुल गया है। यात्री इस काउंटर का लाभ ले सकते हैं।


इंटरसिटी एक्सप्रेस का कोच हटाने से परेशान रहे यात्री
झांसी। बृहस्पतिवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक कोच के नहीं लगने के कारण आरक्षित यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। झांसी से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या 11109 इंटरसिटी एक्सप्रेस के डी टू कोच को तकनीकी खराबी के कारण हटा दिया गया। इस पर कोच के आरक्षित यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही डिप्टी एस एस, टीटीई व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। बाद में कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में समायोजित किया गया।


कोच में लाइट नहीं रहने से परेशान रहे यात्री
झांसी। ग्वालियर से चलकर वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या 11107 डाउन बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एस 4 कोच में लाइट खराब होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के झांसी आने पर फाल्ट को ठीक किया गया, तब कहीं जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।