Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Oct 12, 2012 - 21:00:24 PM


Title - रेलवे ने दी यात्रियों को एक और सुविधा! वेबसाइट पर देखें ट्रेन का लाइव स्टेटस
Posted by : railenquiry on Oct 12, 2012 - 21:00:24 PM

अब आपको एक क्लिक पर ही वेबसाइट के माध्यम से ट्रेन और स्टेशन का स्टेटस पता चल जाएगा। क्योंकि,  रेलवे की वेबसाइट ट्रेन इंक्वायरी डॉटकाम पर अब किसी भी ट्रेन का लाइव स्टेटस देख सकेंगे। इसके अलावा किसी भी स्टेशन पर अगले दो घंटे के दौरान आने वाली गाडिय़ों की जानकारी भी मिलेगी।

यात्रियों को अब इसी वेबसाइट पर ट्रेन के आवागमन का रोजाना का शेड्यूल भी ऑनलाइन देखने को मिलेगा। जैसे, यदि आप जानना चाहते हैं कि नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस आते-जाते वक्त कहां-कहां हॉल्ट लेगी, स्टॉपेज कितने मिनट का होगा आदि जानकारी आपको ऑनलाइन ही मिल जाएगी। इसके पहले इस वेबसाइट पर केवल ट्रेन की रनिंग पोजिशन ही मिल रही थी।

ऐसे करें उपयोग: वेबसाइट का उपयोग करने के लिए इंटरनेट वाला मोबाइल फोन होना जरूरी है। इसके बाद आपको सबसे पहले ट्रेन इंक्वायरी डॉटकाम पर लॉगिन करना होगा। आप ऑटोमेटिक रेल यात्री डॉट इन पर पहुंच जाएंगे। यह सारी प्रक्रिया नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम के माध्यम से होगी। यहां पर तीन ऑप्शन लाइव ट्रेन स्टेटस, लाइव स्टेशन स्टेटस और ट्रेन टाइम-टेबल आएंगे। इन पर एक-एक कर क्लिक करते ही आप जो भी जानकारी लेना चाहेंगे, ले सकेंगे।

नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम से जुड़ा: यह सारी प्रक्रिया पूरी करने में नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम का सहयोग संबंधित वेबसाइट को मिल रहा है। देशभर के रेलवे कंट्रोल रूम के माध्यम से नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम पर जानकारी फीड की जाती है। इसी के आधार पर ट्रेन की लाइव रनिंग जानकारी यात्रियों को मिलती है।

नए सुधार के साथ लांचिंग

रेलवे ने ट्रेन इंक्वायरी डॉटकाम वेबसाइट में कई सुधार कर नई सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध करवाई हैं। रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी केके दुबे का कहना है कि नई सुविधाओं से उन लोगों को फायदा हुआ है, जो मोबाइल फोन पर या कंप्यूटर पर अक्सर ऑनलाइन रहते हैं।