Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Jun 27, 2013 - 12:30:29 PM


Title - रेलवे ट्रैक पर हाथी की सुरक्षा बढ़ाने को मंथन
Posted by : ConfirmTicket on Jun 27, 2013 - 12:30:29 PM

रेलवे ट्रेक पर हादसों में कैसे कमी लाई जाए ताकि वन्य जीवों की जान सुरक्षित रहे इसके लिए मोतीचूर में राजाजी नेशनल पार्क व रेलवे अधिकारियों की बैठक हुई । बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंथन किया गया।
बुधवार को मोतीचूर वन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में रेलवे ट्रेक पर वन्य जीवों खासकर हाथी की सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श हुआ। अधिकारी इस बात को लेकर चिंतित दिखे कि रेलवे ट्रैक पर गश्त के बावजूद हादसे हो रहे हैं। यह बात भी सामने आई कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं सुबह के समय, रेल चालक व गश्त में होने वाली लापरवाही से हुई हैं। गश्ती टीम का रेल चालक से सीधे वाकी टाकी से न जुड़ा होना भी परेशानी पैदा करता है। पार्क निदेशक एस पी सुबुद्धि ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर हाथी की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विचार विमर्श हुआ जिसमें वर्तमान दिक्कतों को देखते हुए नये सुझाव रखे गये। चालक से गश्ती टीम का सीधे संवाद कायम करने, वन कर्मी को रेलवे सिग्नल टार्च देने ताकि ट्रैक पर हाथी के होने की स्थिति में वह भी रेल को रूकने का इशारा कर सके और रेल इंजन डिब्बे में हरिद्वार से एक वन कर्मी को बैठाने जैसे कई नये सुझाव सामने आये हैं जिनको अंतिम स्वीकृति के लिए डीआरएम मुरादाबाद को भेजा जायेगा। बैठक में रायवाला, मोतीचूर, हरिद्वार, कांसरो व देहरादून रेलवे स्टेशन अधिकारियों सहित राजाजी पार्क के अधिकारी मौजूद रहे।
----------------------
मोतीचूर में देखा गया घायल हाथी
रायवाला: बीते शुक्रवार को रायवाला के समीप काठगोदाम एक्सप्रेस की चपेट में आने से घायल हुआ हाथी मोतीचूर रेंज में कोयलपुरा के पास देखा गया। वन अधिकारियों ने उसके स्वस्थ होने का दावा किया है। पार्क निदेशक एसपी सुबुद्धि ने बताया कि घायल हाथी पर नजर रखी जा रही है। बुधवार को हाथी कोयलपुरा के पास देखा गया। चोट ज्यादा गंभीर नही है और अब वह स्वस्थ हो रहा है।