Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 04, 2013 - 14:56:40 PM


Title - रेलवे ट्रैक पर बिखरे मिले मतदाता फोटो पहचान-पत्र
Posted by : nikhilndls on Sep 04, 2013 - 14:56:40 PM

भारत निर्वाचन आयोग की योजनाओं को अधिकारी किस प्रकार से पलीता लगा रहे हैं, इसकी एक बानगी टटीरी रेलवे स्टेशन के पास देखने को मिली। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं को जारी किए जाने वाले फोटो पहचान-पत्रों को किसी कर्मचारी ने मतदाताओं को वितरित न कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। एक छात्र ने पहचान पत्रों को उठाकर मतदाताओं तक पहुंचाया।
भारत निर्वाचन आयोग देश के हर मतदाता को उसका फोटो पहचान पत्र दिलाने में जुटा है, इसके लिए तहसील मुख्यालय के साथ अभियान चलाकर गांव-गांव में शिविर लगाकर मतदाताओं के फोटो पहचान पत्र बनाए जाते हैं और कुछ दिन बाद गांव में पहुंच कर ही वितरित कर दिए जाते हैं। अब निर्वाचन आयोग की इस महत्वाकांक्षी योजना को किस प्रकार पलीता लगा रहे हैं, इसका एक उदाहरण बागपत रोड रेलवे स्टेशन के पास टटीरी रेलवे ट्रैक पर देखने को मिला। ट्रैक के बीच सैकड़ों मतदाता पहचान-पत्र बिखरे पड़े थे, जिन्हें बच्चे उठाकर ले जा रहे थे तो कुछ से बच्चे खेल रहे थे। सभी पहचान-पत्र हिसावदा गांव के मतदाताओं के थे। इत्तेफाक से हिसावदा गांव का ही एक छात्र सचिन पुत्र सत्यवीर रेलवे स्टेशन पर अपने रिश्तेदार को छोड़ कर घर लौट रहा था, कुछ बच्चों के हाथ में पहचान पत्र देख वह ठिठका और उसने सभी पहचान पत्र उठा लिए। उसने बताया कि सभी पहचान पत्र उसके गांव के ही थे। गांव लाकर सभी लोगों को उनके पहचान पत्र दे दिए। गांव के लोगों में नितिन अरोड़ा, राहुल, संजीव, वीरेंद्र, जयपाल, कृष्णपाल, अरुण आदि ने छात्र की सराहना करते हुए कहा, वे तो काफी समय से इनकी प्रतिक्षा कर रहे थे, लेकिन सौभाग्य से उनको मिल गए। यदि गांव का छात्र न होता तो शायद उनको पहचान पत्रों से वंचित रहना पड़ता।
इन्होंने कहा..
मेरी जानकारी में ऐसा नहीं आया, इसकी जांच कराकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-उमेशचंद मिश्र, एसडीएम बागपत।