Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 08, 2013 - 17:58:28 PM


Title - रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण की तैयारी पूरी
Posted by : nikhilndls on Aug 08, 2013 - 17:58:28 PM

गोहाना-जींद मार्ग पर शहरी क्षेत्र में रेलवे लाइन पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य की तैयारी पूरी हो गई हैं। काम शुरू होते ही इस मार्ग नई अनाज मंडी और शहरी क्षेत्र में पार्क के नजदीक से बंद कर दिया गया है। मार्ग बंद होने की स्थिति में बुधवार को वाहन नई अनाज मंडी के अंदर से गुजरते हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गत 3 फरवरी को गोहाना-पानीपत रेलवे लाइन पर बनने वाले इस आरओबी की आधारशिला रखी थी। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आरओबी निर्माण की भार क्षमता की प्राथमिक प्रक्रिया का काम लगभग पूरा हो चुका है। आरओबी का काम शुरू करने के लिए जींद मार्ग को बंद किया गया है। जींद मार्ग को नई अनाज मंडी के नजदीक और नगरपालिका पार्क के नजदीक दीवार बनाकर बंद किया गया है। मार्ग बंद होने के बाद वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को शहर से जींदकी तरफ जाने वाले वाहन नई अनाज मंडी के अंदर से होकर गुजरते हुए नजर आए। मंडी में भी वाहनों का आवागमन बढ़ने से आढ़तियों को परेशान होते देखा गया।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रामचंद्र रेढू ने कहा कि आरओबी का निर्माण लगभग 2 साल में पूरा होगा। निर्माण कार्य के दौरान यह मार्ग बंद रहेगा और इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जींद की तरफ से आने वाले वाहनों को नई अनाज मंडी के साथ बने बाइपास से बरोदा रोड या महम रोड से होकर शहर में पहुचना होगा। इसी तरफ से शहर से जाने वाले वाहन बाइपास होकर जींद की तरफ जाएंगे।