Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 02, 2012 - 09:00:07 AM


Title - रेल रोको आंदोलन पांच को
Posted by : railgenie on Sep 02, 2012 - 09:00:07 AM

जागरण प्रतिनिधि, गुरदासपुर

केंद्र व प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ किसान संघर्ष कमेटी के आह्वान पर पांच सिंतबर को होने वाले रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए बैठक नजदीकी गांव डुग्गरी के गुरुद्वारा साहिब में किसान नेता बाबा रछपाल सिंह डुग्गरी की अध्यक्षता में हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए किसान संघर्ष कमेटी के प्रदेश प्रधान सतनाम सिंह पन्नू ने केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि मानसून की कमी के चलते प्रदेश के हजारों किसान धान की फसल को महंगे दाम पर डीजल खरीद कर पाल रहे हैं। किसानों की हालत जानते हुए भी सरकार ने सूखा राहत के रूप में कोई फंड मुहैया नही कराया है। सूखा राहत फंड व किसानों की अन्य मांगों के समर्थन में प्रदेश की 17 किसान यूनियनों की सयुंक्त संघर्ष कमेटी की ओर से पांच सितंबर को तीन घंटे के लिए संकेतक रूप से रेल रोको आंदोलन करने का आह्वान किया गया है। उन्होंने सरकार से सूखा राहत फंड के तहत किसानों को प्रति एकड़ कम से कम 10 हजार रुपये, सूखे के कारण धान की बोआई न कर पाने वाले किसानों को 20 हजार रुपये प्रति एकड़ व जिनकी फसल सूखे से बर्बाद हो गई है उन्हें 25 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की। साथ ही ऐसे मजदूर जो दूसरे किसानों के खेतों में काम कर रोजी रोटी कमाते हैं उन्हें प्रति परिवार 10 हजार रुपये मुआवजा देने, किसानों व मजदूरों के कर्ज माफ करने, ढींढसा व मित्तल कमेटी रद करने, 2011 के भू प्राप्ति एक्ट को रद करने, जनता पर टैक्स के रुप में डाले गए 25 सौ करोड़ रुपये के बोझ को वापस लेने, स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट को तुरंत लागू करने व डेरों में 24 घंटे निर्विघ्न बिजली सप्लाई मुहैया कराने की मांग भी की गई। उन्होंने समूह किसानों से रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए बढ़ चढ़ कर सहयोग करने की अपील की।

बैठक में करणबीर सिंह डुग्गरी, सुखदेव सिंह थम्मन, दलबीर सिंह फुंडी, महिंदर सिंह थम्मन, बाबा करनैल सिंह आदी, हरभजन सिंह आदी, गुरमेज सिंह डुग्गरी, शिंगारा सिंह बैंस, रजवंत सिंह आदी, चंचल सिंह चगुवाल, जसविंदर सिंह, निर्मल सिंह चाणचक्क, चैन सिंह मुकंदपुर, बलबीर सिंह गुनियां आदि उपस्थित थे।