Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Oct 23, 2012 - 18:30:19 PM


Title - रेल यात्रियों में जगी कंफर्म टिकट की आस
Posted by : puneetmafia on Oct 23, 2012 - 18:30:19 PM

अम्बाला। जम्मू जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ट्रेन में सीट न होने के बावजूद जम्मू जाने के लिए यात्री ट्रेन को बेहतर विकल्प मान रहे हैं। नवरात्र पर बढ़ती संख्या को देखते हुए अब रेलवे ने चार ट्रेनों में डिब्बों की संख्या में इजाफा कर दिया है। अलग-अलग ट्रेनों में ये डिब्बे नवंबर तक जुड़े रहेंगेे। रेलवे के इस निर्णय से कुछ यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की आस जागी है। उधर, कैंट रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री देवी दर्शन के लिए जम्मू की ओर रुख कर रहे हैं।



ट्रेनों में जगह न मिलने से बसों का सहारा लिया जा रहा है। रेलवे ने कानपुर से जम्मू के मध्य चलने वाली ट्रेन नंबर 12469-70 कानपुर एक्सप्रेस और मुज्जफरपुर से जम्मूतवी के मध्य चलने वाली ट्रेन नंबर 12491-92 जम्मू एक्सप्रेस में एक-एक थर्ड एसी का डिब्बा जोड़ दिया है। 30 नवंबर तक दोनों ट्रेनों में एसी श्रेणी का यह डिब्बा जुड़ा रहेगा। इसी तरह दिल्ली से जम्मूतवी के मध्य चलने वाली स्पेशल ट्रेन नंबर 04051-52 में स्लीपर क्लास का डिब्बा जोड़ा गया है। वहीं नई दिल्ली से उधमपुर के बीच चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन नंबर 04055-56 में भी दो डिब्बे थर्ड एसी और तीन स्लीपर के डिब्बे जोड़े गए हैं। 30 नवंबर तक यह स्पेशल डिब्बे ट्रेनों में जुड़े रहेंगे। रेलवे के इस कदम से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। इससे पहले रेलवे ने नवरात्र की शुरुआत पर जम्मू के लिए स्पेशल ट्रेन भी चलाई थी।