Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 22, 2013 - 17:57:48 PM


Title - रक्षाबंधन पर पैसेंजर ट्रेन का तोहफा
Posted by : railgenie on Aug 22, 2013 - 17:57:48 PM

बुधवार को उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर सहारनपुर रेलवे स्टेशन तक 74021 पैसेंजर ट्रेन के विस्तार को हरी झंडी मिल गई। रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने पूजा-अर्चना करने के बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को सहारनपुर के लिए रवाना किया। रक्षा बंधन पर्व पर यात्रियों को ट्रेन का तोहफा मिलने से खुशी छा गई।
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर एक एक्सप्रेस ट्रेन समेत 20 ट्रेनों का संचालन किया जाता है, लेकिन अधिकतर ट्रेनों का विस्तार शामली रेलवे स्टेशन तक होने से सहारनपुर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यात्रियों द्वारा दिल्ली से स्थानीय स्टेशन पर सुबह 11:05 बजे पहुंचने वाली 74021 पैसेंजर ट्रेन का विस्तार सहारनपुर रेलवे स्टेशन तक किए जाने को लेकर काफी समय से मांग की जा रही थी। यात्रियों की मांग पर रेलवे विभाग ने बजट के दौरान पैसेंजर ट्रेन का विस्तार करने को मंजूरी दी थी। बुधवार को रक्षाबंधन पर्व पर दिल्ली से सुबह 7:30 बजे चलकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर 11 बजे जैसे ही पैसेंजर ट्रेन पहुंची, तो यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। पूजा-अर्चना करने के बाद सुबह 11:05 बजे स्टेशन से ट्रेन को रेलवे स्टेशन अधीक्षक पीके बोस ने हरी झंडी दिखाकर सहारनपुर के लिए रवाना किया। सहारनपुर तक ट्रेन का विस्तार होने से दैनिक यात्री और रक्षा बंधन पर्व को मनाने के लिए जाने वाले यात्रियों ने ट्रेन की सुविधा का लाभ उठाया। दैनिक यात्रियों का मानना था ट्रेन का विस्तार होने से यात्रियों को काफी लाभ होगा। रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि वापसी में यह ट्रेन संख्या 74024 सहारनपुर से 1:15 बजे प्रस्थान करेगी और शामली स्टेशन पर तीन बजे पहुंचेगी।