Indian Railways News => Topic started by irmafia on Aug 25, 2013 - 05:57:31 AM


Title - यूरेका फो‌र्ब्स कंपनी करेगी ट्रेनों की सफाई
Posted by : irmafia on Aug 25, 2013 - 05:57:31 AM

यूरेका फो‌र्ब्स कंपनी के ठेकेदार गुरुवार को भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस की सफाई कर ट्रायल लेंगे। सफाई का विधिवत कार्य शुक्रवार से शुरू किया जाएगा। बुधवार को ठेकेदार द्वारा यार्ड में पूजा-अर्चना का कार्य पूरा कर लिया गया। ट्रेनों के अंदर-बाहर की सफाई के लिए जेट क्लीनिंग मशीन को मंगाया गया है। फ्लोर स्क्राइबर मशीन को भी मंगा लिया गया है। फिलहाल ठेकेदार द्वारा पूर्व में सफाई कार्य में लगे मजदूरों से ही कार्य कराने का निर्णय लिया है। कुछ नए मजदूरों को भी रखा गया है।

मालूम हो कि ठेका समाप्त होने के बाद यंग बंगाल कंपनी ने एक अगस्त से सफाई का काम बंद कर दिया था। चलती ट्रेनों में सफाई का काम एटूजेड कंपनी ने चार जून से काम बंद कर दिया था। रेलवे अपने कर्मियों से एक अगस्त के बाद से ट्रेनों की सफाई करा रहा था, लेकिन चलती ट्रेनों में सफाई नहीं हो रही थी। इसके लिए साहिबगंज से 12 व जमालपुर से आठ कर्मचारियों को मंगाया गया। पूर्व से यहां सौ कर्मचारी कार्यरत हैं। भागलपुर ट्रेनों की सफाई के लिए मालदा रेल मंडल का यूरेका फो‌र्ब्स लि. साउथ इंक्लेव कंपनी के साथ चार जून को अनुबंध हुआ था।

भागलपुर यार्ड में फिलहाल भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी, भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, भागलपुर-अजमेरशरीफ साप्ताहिक एक्सप्रेस, भागलपुर-नई दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस, भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस, भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस की सफाई व रखरखाव होता है। साथ ही भागलपुर-सुरत एक्सप्रेस, भागलपुर-रांची एक्सप्रेस, भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस, गरीब रथ की सफाई होती है। अब अमरनाथ एक्सप्रेस की भी सफाई होगी। कर्मियों की कमी के कारण ट्रेनों की सही ढंग से सफाई नहीं हो पा रही थी। पीट व सिक लाइन पर भी गंदगी का अंबार है। कर्मियों को काम करने में परेशानी हो रही है। चलती ट्रेनों में सफाई नहीं होने से यात्री परेशान थे।

यूरेका फो‌र्ब्स लि. ने चार जून को भागलपुर से खुलने वाली ट्रेनों की सफाई के लिए मालदा रेल मंडल से समझौता किया था। इसके तहत तीन वर्षो में मालदा रेल मंडल यूरेका फो‌र्ब्स लि. को सात करोड़ चार लाख रुपये देगी। समझौता के अनुसार एक माह के अंदर कंपनी को भागलपुर में कार्यभार संभालना था। मगर, कंपनी ने अब तक सफाई का काम शुरू नहीं किया है। कंपनी को चलती ट्रेनों में सफाई के अलावा यार्ड में भी ट्रेनों की सफाई करनी है। यार्ड परिसर व कार्यालय की सफाई का जिम्मा उसी के पास है।