Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 31, 2012 - 00:01:13 AM


Title - यूपी सेतु निगम को इस्टीमेट बनाने का निर्देश नकहा पर बनेगा ओवरब्रिज
Posted by : Mafia on Aug 31, 2012 - 00:01:13 AM

यूपी सेतु निगम को इस्टीमेट बनाने का निर्देश
नकहा पर बनेगा ओवरब्रिज
•सिटी रिपोर्टर
गोरखपुर। नकहा नंबर एक स्थित रेललाइन पर ओवरब्रिज बनने का रास्ता साफ हो गया है। नगर विधायक डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने बताया कि शासन ने उत्तर प्रदेश सेतु निगम की गोरखपुर इकाई को इस ओवरब्रिज बनने के लिए इस्टीमेट तैयार करने कर तुरंत भेजने का निर्देश दिया है। अंतिम रूप से डिजाइन तैयार कराने के लिए नगर विधायक विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को स्थलीय निरीक्षण करने जाएंगे। इस ओवरब्रिज के बन जाने से करीब तीन लाख लोग लाभान्वित होेंगे।
गोरखपुर महानगर में तीन नए ओवरब्रिज बनवाये जाने के प्रयास में एक बाधा पार हो गई है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि विगत दिनों मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बात करके तीन ओवरब्रिजों के लिए सैद्धांतिक सहमति ले ली थी। शासन ने इसके बाद सेतु निगम से आख्या मांगी थी। सेतु निगम की गोरखपुर इकाई तीनों फ्लाईओवर की संभावित लागत के साथ अपनी सकारात्मक आख्या शासन को भेज चुका है। अब प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अरविंद सिंह देव के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक आरएस गुप्ता ने गोरखपुर सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक दीपक गोविल को प्रथम चरण में नकहा नंबर-एक पर ओवरब्रिज के निर्माण के इस्टीमेट और सभी अन्य संबंधित विभागों की अनापत्ति पत्र तुरंत भेजने को कहा है। शासन के इस निर्देश के बाद उन्होंने सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, नगर निगम, वन विभाग और टेलीफोन विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को इन सभी विभागों के अधिकारियों के साथ वो अंतिम रूप से डिजाइन तैयार कराने के लिए स्थलीय निरीक्षण करने जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी तो यह ओवरब्रिज बनने की प्राथमिक प्रक्रिया है।
तीन लाख की आबादी को मिलेगा लाभ
गोरखपुर। इस ओवरब्रिज के बन जाने के बाद करीब तीन लाख लोगों को फायदा होगा। गोरखनाथ मंदिर से मेडिकल कालेज की बीच की दूरी लगभग 12 किलोमीटर कम हो जाएगी। अभी गोरखनाथ रोड से आने वाले लोगों को उद्योग बंधु कार्यालय, रामनगर चौराहा होते हुए मेडिकल कालेज जाना पड़ता है। इस ओवरब्रिज के बन जाने के बाद लोगों को लच्छीपुर और महावीर पुरम होते हुए सीधे इस पुल पर चढ़कर मेडिकल कालेज की ओर से जा सकेंगे। इससे पचखेड़वा, आजादनगर, राजेंद्र नगर, नत्थलमपुर, शास्त्रीनगर, शास्त्रीपुरम, इंद्रप्रस्थपुरम, कौशलपुरम, राप्तीनगर, समेत अन्य कई इलाके के लोगों को फायदा होगा। नेपाल की तरफ से आने वाले लोगों को गोरखपुर शहर में नहीं आना होगा। वे शहर के बाहर से महराजगंज की तरफ जा सकेंगे।