Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 31, 2013 - 17:56:27 PM


Title - यात्री सुविधाओं के लिए रेलवे कटिबद्ध : मधुरेश
Posted by : nikhilndls on Aug 31, 2013 - 17:56:27 PM

हाजीपुर रेल महाप्रबंधक मधुरेश कुमार ने कहा कि यात्री सुविधाओं के लिए रेलवे कटिबद्घ है। वे गुरुवार को बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के बरवाडीह रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण करने के दौरान रेलकर्मियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे रेलकर्मी तमाम मुसीबतों को झेल कर यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने में जुटे रहते हैं। सर्वप्रथम रेल महाप्रबंधक ने रेलवे स्टेशन में सेल कार्यालय की जांच की। इसके बाद सीएमएस मशीन का निरीक्षण किया। मशीन की अच्छी स्थिति देखकर 10 हजार रुपये कर्मचारियों को पुरस्कार देने की घोषणा की। मशीन रूम में सीसीटीवी लगाने का निर्देश डीआरएम सुधीर कुमार को दिया। इसके बाद नवनिर्मित 140 क्रेन शेड का उद्घाटन फीता काटकर किया। यहां के कर्मियों को भी उन्होंने 10 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इसके बाद क्रेन शेड के समीप उन्होंने वृक्षारोपण किया।
रनिंग रूम इंचार्ज को लगाई फटकार
रेल महाप्रबंधक मधुरेश कुमार ने रनिंग रूम के निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद रेल इंजन चालक व गार्ड से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक व गार्डो ने रनिंग रूम की अव्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि खाना आदि समय पर नहीं मिलने के कारण समय से कार्य नहीं हो पाता है और ट्रेनें लेट हो जाती हैं। इस पर रेल महाप्रबंधक ने किचन शेड की जांच की तो उन्हें सर्वत्र गंदगी दिखी। उन्होंने इंचार्ज के.एन ख्वास को फटकार लगाई और कार्यप्रणाली में सुधार का निर्देश दिया। इस मौके पर सीनियर डीएम एके यादव, डीएमओ वेदप्रकाश, सीनियर कमांडेंट आरपीएफ शशि कुमार, एके चौधरी, एसएस यादव, अजय पाण्डेय, पंकज कुमार व इसीआरकेयूके अध्यक्ष संतोष तिवारी समेत कई लोग मौजूद थे।
झाविसंस ने सौंपा ज्ञापन : रेल महाप्रबंधक मधुरेश कुमार रेलखड के टोरी रेलवे स्टेशन पर रूके यहां यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान झारखंड विकास संघर्ष समिति के रवि कुमार डे ने उन्हें मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर रामयश पाठक, शंकर बैठा, अरूण प्रसाद, निर्मल भारती, सुरेश रजक, प्रताप सिंह जाडेजा, प्रदीप कुमार साहू, निरंजन अग्रवाल, स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार, सुभाष मिश्र, एल.एस अंसारी व दिलीप पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।