Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 12, 2013 - 15:57:36 PM


Title - मेट्रो से जुड़ जाएगी पश्चिमी व दक्षिणी दिल्ली
Posted by : railgenie on Aug 12, 2013 - 15:57:36 PM

राजधानी के पश्चिमी छोर पर स्थित पालम, डाबड़ी जैसे इलाके से अगर कोई शख्स दक्षिणी दिल्ली के इलाके की ओर रुख करना चाहे तो कई दफा सोचना पड़ता है। बमुश्किल, नौ से दस किलोमीटर की दूरी तय करने में घंटे भर का समय लग जाता है।
मगर मेट्रो के तीसरे चरण के तहत चल रहा निर्माण कार्य जैसे ही पूरा होगा, इस रूट में सफर करने वालों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी। वहीं पश्चिमी दिल्ली के लोगों को दक्षिणी दिल्ली जाने में मिनटों का सफर तय करना पड़ेगा। साथ ही दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली इलाके के लोग भी पश्चिमी दिल्ली आसानी से आ सकेंगे।
मेट्रो के तीसरे चरण का निर्माण कार्य मार्च, 2016 तक पूरा होना है। इस समय तक मेट्रो दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में दस्तक दे चुकी होगी। जिसमें डाबड़ी मोड़, पालम, आइजीआइ एयरपोर्ट, वसंत विहार, मुनीरका, हौजखास, नेहरू प्लेस, जसोला, जामिया व कालिंदी कुंज जैसे इलाके शामिल हैं। यह लाइन जनकपुरी पश्चिम से शुरू होकर कालिंदी कुंज तक जाएगी। इस रूट पर चलने वाली मेट्रो के रखरखाव के लिए कालिंदी कुंज में एक डिपो बनाने की भी योजना है।
इस लाइन की खासियत
इस लाइन की खासियत यह है कि जनकपुरी पश्चिम से कालिंदी कुंज तक पश्चिमी, दक्षिणी तथा दक्षिणी-पूर्वी क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़ जाएंगे।
किस-किस रूट से बदल सकेंगे मेट्रो
जनकपुरी पश्चिम से लोग यमुना बैंक-द्वारका सेक्टर-21, हौजखास से जहांगीरपुरी-हुडा सिटी सेंटरतथा नेहरू प्लेस से केंद्रीय सचिवालय-बदरपुर लाइन के लिए मेट्रो बदली जा सकेगी।
साथ ही मुनिरका, आरकेपुरम, आइआइटी, हौजखास, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश एंक्लेव एक, नेहरू प्लेस, कालकाजी, ओखला फेज तीन समेत बाहरी रिंग रोड के दर्जनों इलाकों से गुजरेगी। जिससे लोगों को जाम तथा घंटों सफर से मुक्ति मिल जाएगी।
किन प्रमुख इलाकों से गुजरेगी मेट्रो
मेट्रो कई पॉश इलाके, प्रमुख बाजार तथा औद्योगिक क्षेत्र से भी गुजरेगी। जिसमें जनकपुरी, पालम, आइजीआइ एयरपोर्ट, ग्रेटर कैलाश, अलकनंदा, नेहरू प्लेस, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, जामिया, कालकाजी, जसोला तथा कालिंदी कुंज जैसे प्रमुख जगहों पर भी दस्तक देगी।
इस लाइन की रूपरेखा
कुल लंबाई - 33.50 किलोमीटर
भूमिगत - 17.30 किलोमीटर
एलीवेटेड - 16.20 किलोमीटर
कुल मेट्रो स्टेशन - 22
भूमिगत स्टेशन - 12
एलीवेटेड स्टेशन -10