Indian Railways News => Topic started by greatindian on Sep 05, 2013 - 16:00:03 PM


Title - मेट्रो के 97 फीसद यात्रियों ने सीआईएसएफ की कार्यशैली को सराहा
Posted by : greatindian on Sep 05, 2013 - 16:00:03 PM

राजधानी की जीवनरेखा बनी दिल्ली मेट्रो के साथ ही उसकी सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की कार्यशैली भी लोगों को भाने लगी है। गत दिनों मेट्रो रेल की ओर से कराए गए सर्वेक्षण में मेट्रो के 97 फीसद यात्रियों ने सुरक्षा व संरक्षा के स्तर पर जवानों के कार्य को संतोषजनक बताया। हालांकि दो फीसद यात्रियों ने इसमें और सुधार की जरूरत पर जोर दिया। इस बारे में दिल्ली मेट्रो की ओर से 3 जुलाई से 21 जुलाई के बीच मेट्रो स्टेशन पर यात्री प्रतिक्रिया सर्वेक्षण करवाया गया था।
इसमें सीआईएसएफ कर्मियों की ओर से प्रदान की गई सुरक्षा का स्तर,उनका व्यवहार व कर्मियों की ओर से तलाशी की समयावधि का मूल्यांकन शामिल था। इसमें 11 सौ यात्रियों की प्रतिक्रिया ली गई थी। सीआईएसएफ प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व संरक्षण में 31 फीसद लोगों ने उत्कृष्ट, 41 फीसद ने बहुत अच्छा और 25 फीसद ने जवानों का कार्य संतोषजनक बताया। वहीं 93 फीसद यात्रियों ने कर्मियों के व्यवहार की सराहना की, जबकि 95 फीसद ने कर्मियों की सर्तकता को सराहा। यही नहीं 89 फीसद यात्रियों ने तलाशी में लगने वाले समय के लिए अपनी संतुष्टि जाहिर की। 10 फीसद लोगों ने तलाशी लेने में लगने वाले समय में और सुधार की इच्छा प्रकट की। 3.2 फीसद दिल्ली वालों ने तलाशी में और सुधार की जरूरत का सुझाव दिया।