Indian Railways News => Topic started by irmafia on Sep 04, 2013 - 17:58:18 PM


Title - मुश्किल से बचना है तो तुरंत कराएं आरक्षण
Posted by : irmafia on Sep 04, 2013 - 17:58:18 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 4 सितंबर 2013 5:36 AM IST पर
झांसी। अगर आप दीपावली पर दूर किसी शहर से अपने घर आने का विचार कर रहे हैं तो ट्रेनों में असुविधा से बचने के लिए तुरंत आरक्षण करा लें। त्योहार के दो माह पहले ही अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग शुरू हो गई है। स्थिति यह है कि तीन नवंबर के त्योहार के लिए प्रमुख ट्रेनों में एक तारीख तक की सीटें मिलना मुश्किल हो रहा है। आरक्षण की सबसे अधिक मांग नागपुर, पुणे, चेन्नई, मुंबई, बंगलूरू से आने वाली ट्रेनों में है।
देश के विभिन्न शहरों में नौकरी या अध्ययन कर रहे हजारों लोग दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर आते हैं। परेशानी से बचने के लिए लोगों ने पहले से ही ट्रेनों में आरक्षण कराना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दो नवंबर को चलने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलना शुरू हुआ। पुणे से जम्मूतवी जाने वाली 11077 डाउन झेलम एक्सप्रेस में सुबह आठ बजे रिजर्वेशन खुलते ही पुणे से झांसी के लिए पंद्रह मिनट में ही ट्रेन की सभी क्लास की सीटें आरक्षित हो गईं और वेटिंग मिलना शुरू हो गई। आठ बजकर पंद्रह मिनट पर सेकेंड एसी में 15 वेटिंग, एसी थर्ड में 35 वेटिंग व स्लीपर क्लास में नो रूम की स्थिति बन गई। कुछ ऐसा ही हाल मुंबई से चलकर फिरोजपुर जाने वाली 12137 डाउन पंजाब मेल का भी था। शाम तक इस ट्रेन में दो नवंबर के लिए थर्ड एसी में 34 वेटिंग, सेकेंड एसी में 23 व स्लीपर क्लास में वेटिंग मिल रही थी।

इन ट्रेनों में भी आरक्षण मिलना मुश्किल
झांसी। वास्कोडिगामा से नई दिल्ली जाने वाली गोवा एक्सप्रेस, बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस, मुंबई से अमृतसर जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस, वलसाड़ - कानपुर एक्सप्रेस, मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस, बंगलूरू से नई दिल्ली जाने वाली कर्नाटका एक्सप्रेस, यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली संपर्क क्रांति, हैदराबाद से नई दिल्ली जाने वाली सदर्न एक्सप्रेस, बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में दीवाली के लिए वेटिंग मिलना शुरू हो गया है।

बिहार के लिए सबसे ज्यादा बन रहे टिकट
झांसी। दीवाली पर झांसी से दूसरे शहरों को जाने वाले यात्रियों की संख्या भी कम नहीं है। आरक्षण की सबसे अधिक मांग बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में है। इनमें प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस, ग्वालियर बरौनी मेल, चंबल एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस, यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में भी आरक्षण की ओपनिंग डेट में ही सीटें भरती जा रही हैं।