Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Oct 13, 2012 - 15:00:33 PM


Title - माल बुकिंग की सूचना मोबाइल से देगी रेलवे
Posted by : RailXpert on Oct 13, 2012 - 15:00:33 PM

रेलवे से माल की बुकिंग कराने व्यापारियों की बड़ी चिंता रेलवे ने दूर कर दी है। सामान बुक कराने के बाद व्यापारियों को ज्यादा भागदौड़ करने की जरूरत नहीं रहेगी। सामान की ट्रेन में लोडिंग, अनलोडिंग और डिलीवरी जैसी पूरी जानकारी मोबाइल पर मिल जाएगी।

इसके लिए रेलवे ने एफएनआर (फ्रेट नेम रिकॉर्ड) शुरू किया है। पीएनआर (पैसेंजर नेम रिकॉर्ड) की तरह 11 अंकों के इस नंबर के जरिए बुक कराए गए माल की पूरी जानकारी ऑनलाइन भी हासिल की जा सकेगी। फिलहाल यह सुविधा इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, मुगलसराय, दिल्ली व हावड़ा समेत कई बड़े स्टेशनों पर शुरू कर दी गई है।

अब तक माल बुक कराने के बाद भी व्यापारियों को बार-बार रेलवे के शेड में चक्कर लगाने पड़ते थे। माल की लोडिंग और अनलोडिंग समय से हो जाए, इसके लिए बड़े बाबू से लेकर पोर्टर तक की जेबें गरम करनी पड़ती है। रेलवे का दावा है कि नई सुविधा शुरू होने से यह समस्या दूर हो जाएगी। इसे चालू करने के लिए ज्यादातर पार्सल बुकिंग कार्यालयों को कंप्यूटरीकृत किया जा चुका है।

कंप्यूटरीकृत केंद्र इस सुविधा से जोड़ दिए गए हैं। रेलवे अफसरों के मुताबिक माल बुकिंग के समय कटने वाली रेलवे रसीद (आरआर) पर 11 अंकों का एफएनआर दर्ज रहेगा। इस नंबर के जरिए व्यापारी यह पता कर सकेंगे कि बुक हुए माल की लोडिंग हुई या नहीं। साथ ही जिस स्टेशन के लिए माल की बुकिंग हुई थी, वहां अनलोडिंग और डिलीवरी हुई या नहीं। इसकी जानकारी बुकिंग के दौरान दर्ज कराए गए व्यापारियों के मोबाइल पर भी मिलते रहेंगे। शुरुआती दौर में गुड्स ट्रेनों की ट्रैकिंग की सुविधा इसमें नहीं है लेकिन आने वाले दिनों में इसके भी जुड़ने की संभावना है।

अभी एफएनआर की सुविधाओं का दायरा ज्यादा बड़ा नहीं है लेकिन भविष्य में इसका विस्तार होगा। इसके जरिए बुक कराए गए माल से जुड़ी हर जानकारी व्यापारियों के मोबाइल पर दी जाएगी।