Indian Railways News => Topic started by greatindian on Sep 20, 2012 - 03:00:43 AM


Title - मानवीय भूल से रेल दुर्घटना चिंता के मुख्य बिंदु : अग्रवाल
Posted by : greatindian on Sep 20, 2012 - 03:00:43 AM

मानवीय भूल से रेल दुर्घटना चिंता के मुख्य बिंदु : अग्रवाल
•सिटी रिपोर्टर
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे राजभाषा विभाग के तत्वावधान में मनाये जा रहे राजभाषा सप्ताह समारोह के तहत मंगलवार को रेलवे अधिकारी क्लब में ‘आपदा परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई’ विषय पर संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख मुख्य इंजीनियर ओपी अग्रवाल ने कहा कि संरक्षा रेलतंत्र की सुदृढ़ रीढ़ है। मानवीय भूल के कारण होने वाली दुर्घटना भारतीय रेल की चिंता का सबसे बड़ा बिन्दु है। रेलवे ट्रैक सर्किटिंग आक्जिलियरी वार्निंग सिस्टम, ब्लाक प्रूविंग एक्सिल काउन्टर तथा टक्कर रोधी उपकरण भारतीय रेल को दुर्घटना मुक्त बनाने में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा दुर्घटनायें समपारों पर होती है जो एक सामाजिक चुनौती है। इस दिशा में रेल प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि मुख्य संरक्षा अधिकारी एन के अम्बिकेश ने कहा कि आपदा प्रबंधन न सिर्फ रेल संचलन में आवश्यक है बल्कि दैनिक जीवन में इसकी उतनी ही महत्ता है । उन्होंने प्रोजेक्टर पर रेल दुर्घटना की भयावहता को दर्शाते हुये बचाव के विभिन्न उपायों पर विस्तार से बताया। दुर्घटना के दौरान गार्ड, ड्राइवर एवं अन्य रेलकर्मियों द्वारा की जाने वाली त्वरित कार्रवाई पर चर्चा की। वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डा. फहीम ने कहा कि कम संसाधन में अधिक से अधिक घायलों को प्राथमिक उपचार देना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। उन्होेंने रोगियों को किस तरह से प्राथमिक चिकित्सा दी जाय, इस पर विस्तार से चर्चा किया।
अनुदेशक पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केन्द्र एके सिन्हा ने चलती गाड़ी में आग लगने के दौरान राहत एवं बचाव कार्य के विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की। अग्निश्मन यंत्र के प्रयोग, आपातकालीन खिड़की खोलने की विधि, खिड़की का शीशा तोड़ने की विधि, खतरे की जंजीर खींचने आदि बिन्दुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उप मुख्य राजभाषा अधिकारी संजय यादव अतिथियों का स्वागत व संचालन राजभाषा अधिकारी ध्रुव कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री वीके टैम्पे, मुख्य परिचालन प्रबंधक आर वी सिंह, मुख्य संरक्षा आयुक्त चे.दामोदरन सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।