Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 01, 2013 - 02:56:46 AM


Title - महेशखूंट से नारायणपुर के बीच रेल ट्रैक का धंसना जारी
Posted by : railgenie on Sep 01, 2013 - 02:56:46 AM

बरौनी-कटिहार रेलखंड पर महेशखूंट से नारायणपुर स्टेशन के बीच रेल ट्रैक धंसना एक बार फिर आरंभ हो गया है। बीते मंगलवार को भी नारायणपुर स्टेशन के समीप रेल ट्रैक धंसने से लगभग 45 मिनट रेल परिचालन बाधित रहा था। हालांकि रेल ट्रेक धंसने की यह पहली घटना नहीं है। यहां लगभग हर वर्ष ट्रैक धंसने का क्रम जारी है। 2009 में ट्रैक धंसने के कारण ही आम्रपाली एक्सप्रेस दुर्घटना ग्रस्त हुई थी। इसके बावजूद धंसान रोकने या इससे निपटने का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका। और न ही आम्रपाली दुर्घटना बाद डाउन लाइन ट्रैक ठीक कर परिचालन आरंभ की गई।
धंसान का है लंबा इतिहास
बरौनी- कटिहार रेल खंड पर वर्ष 1985 में अमान परिवर्तन के तहत छोटी से बड़ी लाइन बनने के बाद इस क्षेत्र में धंसान व छोटी मोटी दुर्घटना का सिलसिला जारी रहा। वहीं वर्ष 2007 में ट्रेक दोहरीकरण के बाद यह सिलसिला और तेज हो गया। उसके बाद शायद ही कोई ऐसा वर्ष रहा जो यहां ट्रैक धंसने की बात सामने न आयी हो। वर्ष 2009 में तो स्थिति ही बिगड़कर रह गई थी। 11 सितंबर को भरतखंड हाल्ट व नारायणपुर स्टेशन के बीच ट्रैक धंसने तथा माल ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद लगभग 21 दिनों तक परिचालन ठप्प सा रहा था। इस दौरान दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन समेत आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन का ही परिचालन होता था। लगभग एक माह तक राजधानी एक्सप्रेस रूट बदल कर चली। 16 सितंबर 2009 को पूर्व मध्य रेलवे के तत्कालीन जीएम श्री मारथवार स्वयं धंसान स्थल का निरीक्षण कर कारण पता लगाने हेतु मिट्टी जांच कराने तथा धंसान रोकने की व्यवस्था करने की बात कही थी। इधर, 9 अक्टूबर 2009 को पसराहा स्टेशन के समीप धंसान की चपेट में आम्रपाली एक्सप्रेस दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इसमें एक की मौत के साथ रेलवे को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा था। बताते चलें कि इस रेलखंड पर 124 ट्रेनों का परिचालन होता है। इसके बावजूद डाउन लाइन पर परिचालन आरंभ नहीं किया जा सका है। धंसान रोकने को लेकर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास भी नहीं दिख रहा है।