Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Mar 07, 2013 - 21:00:34 PM


Title - महाशिवरात्रि पर चलेंगी छह स्पेशल ट्रेनें
Posted by : riteshexpert on Mar 07, 2013 - 21:00:34 PM

वाराणसी। महाशिवरात्रि पर छह स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि बाबा के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न उठानी पड़े। इसके अलावा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर केवल उन यात्रियों को जाने दिया जाएगा, जिन्हें ट्रेन पकड़नी है। बाकी को सर्कुलेटिंग एरिया में रोक दिया जाएगा ताकि भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। कैंट स्टेशन पर एक साथ 25 हजार लोगों को नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन यदि भीड़ इससे ज्यादा हुई तो यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर डायवर्ट कर दिया जाएगा। रेलवे ने यह व्यवस्था इलाहाबाद की घटना से सबक लेते हुए की है।
यह जानकारी उत्तर रेलवे के मंडल प्रबंधक जगदीप राय ने पत्रकारों को दी। कैट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद बातचीत में उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दो पूछताछ काउंटर बाहर खोले जाएंगे। वैसे तो कैंट स्टेशन से प्रतिदिन 125 ट्रेनों का आना-जाना होता है, लेकिन महाशिवरात्रि पर पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे मिलकर कैंट, मंडुवाडीह और सिटी स्टेशन से छह स्पेशल ट्रेनें चलाएंगे। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन काफी संकरे हैं। इन दोनों प्लेटफार्मों पर एक समय में एक ही ट्रेन ली जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि स्टेशन पर पेयजल और साफ सफाई की अच्छी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि नौ से 11 मार्च तक या तो वह खुद या फिर एडीआरएम यहां कैंप करेंगे। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल प्रबंधक अजय विजयवर्गीय के साथ स्पेशल ट्रेन चलाने के मुद्दे पर विचार विमर्श भी किया। उधर, कमिश्नर का कहना है कि शिवरात्रि पर नौ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इनसेट
डीआईजी रेलवे ने संभाली स्टेशन की सुरक्षा का कमान
वाराणसी। महाशिवरात्रि को देखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा की कमान डीआईजी रेलवे, लखनऊ बीडी पाल्सन ने संभाल ली है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर एक कंपनी पीएसी के जवान लगाए जाएंगे। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कराई जाएगी। साथ ही गोदौलिया चौराहे पर फ्लैक्स बोर्ड पर ट्रेनों की सूचनाएं प्रदर्शित करने की भी योजना है। डीआईजी 11 मार्च तक कैंट स्टेशन पर कैंप करेंगे।