Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Jul 23, 2013 - 21:00:49 PM


Title - मटिसा पलटी, रेल परिचालन ठप 10586467
Posted by : railenquiry on Jul 23, 2013 - 21:00:49 PM

मुगलसराय(चंदौली): स्थानीय रेल मंडल के गंजख्वाजा स्टेशन के पास सोमवार की शाम रेलवे ट्रैक ठीक करने वाली मटिसा (मैकेनिकल ट्रैक कंट्रोल मशीन) पटरी से उतर गई। दुर्घटनाग्रस्त होने से मुगलसराय-गया रूट पर देर रात आवागमन ठप रहा। आधा दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनें स्टेशन सहित अन्य जगहों पर खड़ी हो गई। बाद में रेल प्रशासन द्वारा अप की तरफ से आने वाले ट्रेनों को तीसरी लाइन से चलाया गया। यातायात बाधित होने से जंक्शन पर यात्रियों ने हंगामा भी किया।
बताया गया कि अपराह्न 4.30 बजे के लगभग डाउन लाइन पर 'मटिसा' द्वारा ट्रैकों को ठीक किया जा रहा था। उसी दौरान उक्त मशीन ट्रैक से उतर गई। इसके चलते डाउन व अप लाइन बाधित हो गई। इसके चलते मुगलसराय से गया की तरफ जाने वाली और उधर से आने वाले ट्रेनें जहां की तहां खड़ी करा दी गई। कुछ देर बाद रेल प्रशासन द्वारा अप की तरफ से आने वाली ट्रेनों का परिचालन शुरू किया वहीं डाउन की तरफ जाने वाली ट्रेनें विभिन्न जगहों पर खड़ी रहीं।
इस गड़बड़ी के चलते 03125 आनन्द विहार-कोलकता एक्सप्रेस ट्रेन स्थानीय जंक्शन पर रोक दिया गया। वहीं 12308 जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस, 13010 देहरादून हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन, 18632 वाराणसी रांची इंटरसिटी ट्रेन को विभिन्न जगहों पर रोक दिया गया। जंक्शन पर खड़ी ट्रेन के यात्रियों द्वारा काफी देर तक ट्रेन न खुलने से नाराज होकर उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पर जमकर हो हंगामा भी मचाया। हालांकि रेलवे द्वारा सूचना प्रसारण केंद्र द्वारा बराबर यात्रियों को दुर्घटना के बाबत जानकारी देते हुए ट्रेनों के विलम्बित होने की सूचना प्रसारित की जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंडल के अधिकारियों व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और 'मटिसा' को ट्रैक से हटाने के कार्य में जुट गए। वहीं कुछ देर बाद यार्ड में खड़ी वाराणसी संभलपुर-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को यार्ड से पुन: प्लेटफार्म पर लाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मशीन के कुछ पार्टस उलट गए है जिसके चलते डाउन लाइन पर यातायात बाधित हो गया है। वहीं अप की ट्रेनों को तीसरी लाइन से धीमी गति से चलाया जा रहा है। इसके साथ ही दोनों लाइन पर यातायात बहाल करने का प्रयास देर रात तक जारी रहा।