Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on May 13, 2012 - 15:00:13 PM


Title - भिवानी-रोहतक पैसेंजर से अच्छी तो बैलगाड़ी!
Posted by : riteshexpert on May 13, 2012 - 15:00:13 PM

भिवानी. भिवानी से रोहतक जाने वाली 54014 पैसेंजर गाड़ी की स्पीड का जवाब नहीं। 47.3 किलोमीटर का सफर दो घंटे में पूरा हो रहा है, जबकि उसे यह सफर गाड़ी की स्पीड के अनुसार आधे से पौने से एक घंटे में पूरा होना चाहिए। ऐसा नहीं कि ये कभी कभार ही होता है। ये एक जुलाई 2011 से चल रहा है। जानकारी होते हुए भी रेलवे यात्रियों की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।


यात्रियों ने इस बारे में अधिकारियों से लेकर रेल मंत्री तक को शिकायत की है। रेलवे के दो मंडलों के बीच आपसी तालमेल में अभाव में हर रोज करीबन आठ सौ दैनिक यात्री और कर्मचारी परेशान हैं। इन्हें रोहतक जाने के लिए 47.3 किलोमीटर के सफर को पूरा करने में दो घंटे खपाने पड़ते हैं। जबकि अगर ये यात्री रोहतक से भिवानी लौटते हैं तो इन्हें मात्र एक घंटा और पांच मिनट लगते हैं। रेलवे के बिकानेर मंडल और दिल्ली मंडल के बीच आपसी तालमेल के अभाव में समस्या सामने आ रही है।

समय-सारिणी कारण

भिवानी रोहतक पैसेंजर गाड़ी 54014 का भिवानी से चलने का समय 7 बजकर 20 मिनट का है। विभाग ने इस गाड़ी के रोहतक पहुंचने का समय 9 बजकर 10 मिनट तय किया हुआ है।


ऐसा नहीं कि इस गाड़ी की स्पीड कम है। विभाग ने इस गाड़ी की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की हुई है। रेलवे के दोनों मंडलों की समय सारिणी के कारण ऐसा हो रहा है।

तीन गाड़ियों की क्रॉसिंग


भिवानी रोहतक पैसेंजर गाड़ी को रोहतक पहुंचने से पहले तीन गाड़ियों को क्रॉस करना पड़ता है। इनमें पहला क्रॉस बामला, दूसरा क्रॉस कलानौर तथा तीसरा क्रॉस लाहली करना पड़ता है।

कई बार तो कलानौर या लाहली के दो-दो क्रॉस करने पड़ते हैं। यहां खास बात ये भी है कि इन स्टेशनों पर समय सारिणी के अनुसार तय समय के अधिक गाड़ी को रोके रखा जाता है। भिवानी से रोहतक और रोहतक से भिवानी आने और जाने के लिए इस गाड़ी को छोड़कर सभी गाड़ियों को करीबन एक घंटा लगता है। जबकि इस गाड़ी को दो घंटे। जब ये गाड़ी रोहतक से भिवानी आती है तो इस गाड़ी को भी करीबन एक घंटा ही लगता है।


आरटीआई में खुलासा


रोहतक जाने वाले दैनिक यात्री डॉ. राजकुमार घणघस ने रेलवे से समय के बारे में आरटीआई मांगी। आरटीआई में दर्शाया गया कि भिवानी रोहतक पैसेंजर गाड़ी बामला, कलानौर और लाहली के स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव के समय से हर रोज 20 मिनट से लेकर 40 मिनट ज्यादा देर तक खड़ी रहती है। यहां खास बात ये भी है कि विभाग द्वारा भेजे गए कागजों में ट्रेन की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई है।


ये मामला मेरी संज्ञान में नहीं है। आज आपने बताया है। इस मामले में के बारे में पता करूंगा। रही बात समय सारिणी की तो इस बारे में भी जल्द ही कोई समाधान निकाला जाएगा। -दीपक दवे, चीफ ऑपरेटिंग मैनेजर, जयपुर