Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Aug 19, 2012 - 12:00:08 PM


Title - भारत वैगन कर्मियों ने ट्रेनें रोकीं - Jagran Yahoo! India
Posted by : AllIsWell on Aug 19, 2012 - 12:00:08 PM

मुजफ्फरपुर, संसू : रेलवे की महत्वपूर्ण इकाई भारत वैगन का उत्पादन ठप होने तथा बकाया वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा परवान पर है। प्लेटफॉर्म संख्या दो के समीप मेन लाइन पर शनिवार को यूनियन की अध्यक्ष पूर्व सांसद कुमकुम राय के नेतृत्व में मांगों को लेकर भारत वैगन कर्मचारियों ने रेल का चक्का जाम कर दिया। कर्मचारियों ने तीनों लाइन के ट्रैक पर धरना पर बैठकर रेल मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दो घंटे तक मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर-हाजीपुर व नरकटियागंज मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। इससे कई ट्रेनें जंक्शन पर व आउटर पर रुकी रहीं। मंडल के आदेश पर छोटे स्टेशनों पर भी ट्रेनों को रोका गया। सूचना मिलने पर रेलवे क्षेत्रीय प्रबंधक जे पी त्रिवेदी, आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार, जीआरपी थानाध्यक्ष विनोद कुमार घटना स्थल पहुंचकर कर्मचारियों को समझाया बुझाया। कर्मचारियों और रेल अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद भी कर्मचारी अपनी मांगों पर डटे रहे। इसके बाद क्षेत्रीय रेल अधिकारी ने यूनियन की अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. कुमकुम राय से सोनपुर मंडल के डीआरएम से बातचीत करवाया। बातचीत के बाद धरना खत्म हुआ। महासचिव सज्जन कुमार वर्मा ने बताया कि रेल मंत्रालय के सौतेले व्यवहार एवं उदासीन रवैये के विरोध में रेल का चक्का जाम किया गया है।
यह रही मुख्य मांग
- स्क्रैप बिक्री से प्राप्त संपूर्ण राशि कर्मियों के वेतन पर खर्च किया जाए
- 15 माह से बंद कर्मचारियों का वेतन चालू करने व बंगाल की कंपनियों की तरह भारत वैगन को अपग्रेड किया जाए
ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
12565 बिहार संपर्क क्रांति, 13019 बाघ एक्सप्रेस, 12558 सप्तक्रंाति, 12553 वैशाली एक्सप्रेस, 55024 सवारी ट्रेन, कर्मभूमि एक्सप्रेस, 18181 टाटा छपरा एक्सप्रेस
इस तरह चला घटनाक्रम
- सुबह 10 बजे से भारत वैगन कर्मचारी यूनियन के लोग स्टेशन पर जुटने लगे
- 10 बजकर 20 मिनट पर बिहार संपर्क क्रांति आयी, उसको रोका गया
- जाम के कारण 11 बजकर 35 मिनट से लेकर 12 बजे तक दिल्ली जाने वाली वैशाली खड़ी रही
- टाटा छपरा व शहीद को सिलौत स्टेशन पर रोका गया
- 11 बजे से रेलवे सुरक्षा बल व जीआरपी के लोग मनाते रहे
- 11 बजकर 20 मिनट पर डीएसपी उपेन्द्र कुमार दल-बल के साथ पहुंचे
- 12 बजकर 10 मिनट पर धरना खत्म हुआ और सभी चले गये
- 12 बजकर 20 मिनट से परिचालन सामान्य होने लगा
- धरना में महिलाएं भी हो गई शामिल, करो या मरो का दिया नारा